अधूरा नाला और खराब सड़क से वार्ड 12 में नारकीय हालात

अधूरा नाला और खराब सड़क से वार्ड 12 में नारकीय हालात

प्रतिनिधि, हरिहरगंज नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या 12 में बुनियादी सुविधाओं की बदहाल स्थिति ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है. यहां अधूरा पड़ा नाला और जर्जर सड़क के कारण पूरे इलाके में नारकीय हालात बन गये हैं. बताया जाता है कि नगर पंचायत द्वारा पिछले वर्ष आरसीसी नाला और पीसीसी सड़क निर्माण का कार्य शुरू कराया गया था, लेकिन करीब 100 फीट तक नाला अधूरा छोड़ दिया गया. इसका खामियाजा स्थानीय लोगों को भुगतना पड़ रहा है. नाला का गंदा पानी सीधे सड़क पर बह रहा है, जिससे पूरे इलाके में बदबू फैल रही है और जलजमाव की स्थिति बन गयी है. जमा पानी काला पड़ चुका है, जिससे मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ गया है. वार्डवासियों में मलेरिया समेत अन्य बीमारियों का खतरा बना हुआ है. स्थिति की गंभीरता इस बात से समझी जा सकती है कि इसी स्थान के पास बीआरसी भवन और राजकीय मध्य विद्यालय स्थित है, जहां प्रतिदिन शिक्षकों, पदाधिकारियों, स्कूली बच्चों और राहगीरों का आना-जाना होता है. इसके बावजूद समस्या के समाधान की दिशा में अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गयी है. मोहल्ले के लोगों ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्र के पास लगा चापाकल कई महीनों से खराब पड़ा है. शिकायत के बाद भी मरम्मत के नाम पर केवल खानापूर्ति की जा रही है. वहीं, वार्ड की अधिकांश स्ट्रीट लाइट भी बंद पड़ी हैं, जिससे रात में अंधेरा छाया रहता है और लोगों को आवागमन में परेशानी होती है. स्थनीय लोगों का आरोप है कि नगर पंचायत को कई बार समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई. इससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है. वार्डवासियों ने प्रशासन से अविलंब नाला निर्माण पूरा कराने, चापाकल मरम्मत और स्ट्रीट लाइट चालू कराने की मांग की है. इस संबंध में सिटी मैनेजर नजीबुल्लाह अंसारी ने बताया कि नाला का बचा हुआ कार्य आपसी सहमति के बाद जल्द पूरा कराया जायेगा. साथ ही खराब पड़े चापाकलों की मरम्मत भी शीघ्र करायी जायेगी. मंटू पासवान ने कहा कि चापाकल खराब रहने से पेयजल के लिए लोगों को काफी परेशानी हो रही है. वहीं, सड़क किनारे लगी स्ट्रीट लाइट खराब रहने से रात में आवागमन के दौरान वाहन चालकों और राहगीरों में दुर्घटना का भय बना रहता है. उन्होंने चापाकल और लाइट ठीक कराने की मांग की. जितेंद्र पासवान ने कहा कि अधूरे नाला निर्माण के कारण गंदा पानी सड़क पर बह रहा है. इससे लोगों का जीना दूभर हो गया है. आवागमन में काफी परेशानी हो रही है और बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है. उन्होंने अधूरे नाला निर्माण को जल्द पूरा कराने की मांग की

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Akarsh aniket

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >