प्रतिनिधि, मेदिनीनगर: भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को हरितालिका तीज मनायी जाती है. इस वर्ष सोमवार को तीज व्रत होगा. पलामू के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में सुहागिन महिलाओं में इसे लेकर खासा उत्साह है. अखंड सौभाग्य और सुखी दांपत्य जीवन की कामना से महिलाएं व्रत की तैयारी में जुटी हैं.
रविवार को नहाय-खाय का अनुष्ठान हुआ. सोमवार को महिलाएं पूरे दिन उपवास रखेंगी. व्रत में भगवान शिव, माता पार्वती और गणेश जी की पूजा की जायेगी. पूजा के बाद तीज व्रत की कथा सुनी जायेगी.
अनरसा और पेड़किया की बढ़ी मांग
तीज को लेकर मेदिनीनगर के बाजार में भी रौनक बढ़ गयी है. व्रत से जुड़े सामानों की खरीदारी के लिए बाजार में भीड़ रही. तीज में अनरसा और पेड़किया का विशेष महत्व है. मुन्ना अनरसा भंडार, बिट्टू अनरसा भंडार सहित अन्य दुकानों पर भीड़ देखी गयी.
अनरसा 240 रुपये, पेड़किया (खोवा) 300 रुपये और पेड़किया (सूजी) 260 रुपये किलो बिक रहा है. केला 60 रुपये दर्जन और सेव 100 से 140 रुपये किलो बिक रहा है.
