Palamu Crime News: छोटू सिंह हत्याकांड का खुलासा,फोन कर बुलाया, फिर पुरंदरबीघा में मार दी गोली

ओमप्रकाश सिंह उर्फ छोटू सिंह की गोली मारकर हत्या मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. चार आरोपी पकड़े गए हैं, जिनमें से तीन को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है. हत्या की वजह अवैध शराब कारोबार से जुड़ी रंजिश बताई जा रही है.

मेदिनीनगर. हुसैनाबाद के ओमप्रकाश सिंह उर्फ छोटू सिंह हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को पकड़ा है. इनमें तीन को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में मेदिनीनगर भेज दिया गया है. वहीं, एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया है. गिरफ्तार आरोपियों में दारूआ गांव निवासी साकेत पाठक, अंकित कुमार व अमन सिंह शामिल हैं. इसकी जानकारी एसडीपीओ दिव्यांश शुक्ला ने बुधवार को अनुमंडल कार्यालय सभागार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी.

दो सितंबर की रात हुई थी हत्या

एसडीपीओ दिव्यांश शुक्ला ने बताया कि दो सितंबर की रात करीब 8.30 बजे पुरंदरबीघा के पास ओमप्रकाश सिंह उर्फ छोटू सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गयी. वह कचरा गांव निवासी भुनेश्वर सिंह उर्फ भुलन सिंह के पुत्र थे. घटना के बाद मृतक के पिता ने हुसैनाबाद थाना में 10 नामजद समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी थी. इसके बाद मामले की जांच के लिए एसआइटी का गठन किया गया.

शराब के कारोबार को लेकर रंजिश का दावा

पुलिस के अनुसार, ओमप्रकाश सिंह अवैध शराब का कारोबार करता था. वह झारखंड से बिहार के विभिन्न क्षेत्रों में शराब भेजने का काम करता था. इसी कारोबार से जुड़े कुछ लोगों से उसकी रंजिश हो गयी थी. खासकर शराब के धंधे से जुड़े उन लोगों से उसकी दुश्मनी थी, जिन्हें बिहार में शराब पकड़े जाने और जेल जाने के कारण नुकसान उठाना पड़ा था.

पुलिस के अनुसार, आरोपियों को शक था कि ओमप्रकाश बिहार पुलिस और आबकारी विभाग को शराब की जानकारी देता था. उसकी सूचना के कारण कई बार बड़े पैमाने पर शराब पकड़ी गयी और कई लोगों को जेल जाना पड़ा. पुलिस का कहना है कि इसी रंजिश में उसकी हत्या की गयी.

फोन कर बुलाया, फिर गोली मार दी

एसडीपीओ ने बताया कि आरोपियों ने ओमप्रकाश सिंह को रास्ते से हटाने की योजना बनायी थी. दो सितंबर को उसे फोन कर बुलाया गया. इसके बाद पुरंदरबीघा के पास उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गयी.

मोबाइल ट्रेस से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

तकनीकी जांच और मोबाइल ट्रेस के आधार पर पुलिस ने 15 सितंबर को दारूआ गांव निवासी साकेत पाठक को पकड़ा. पुलिस के अनुसार, पूछताछ में साकेत ने अपराध स्वीकार किया. उसकी निशानदेही पर अंकित कुमार और अमन सिंह को गिरफ्तार किया गया. वहीं, एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है. पुलिस अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.

ये भी पढ़ें: NPU Campus: यदु बाबू और गोपा बाबू की प्रतिमा लगाने की मांग

एसआइटी में ये अधिकारी रहे शामिल

हत्याकांड की जांच के लिए गठित एसआइटी में चंदन कुमार, छात्रधारी कुमार, राजू गुप्ता, मुकेश सिंह, वीरेंद्र कुमार मेहता और संतोष कुमार समेत पुलिस जवान शामिल थे.

ये भी पढ़ें: Palamu News: घर के बगल स्थित कुएं से बरामद हुआ शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारण का चलेगा पता

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By चंद्रशेखर सिंह

चंद्रशेखर सिंह प्रभात खबर से जुड़े वरिष्ठ पत्रकार हैं और पिछले करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने लंबे समय से पत्रकारिता करियर में क्राइम, सामाजिक मुद्दों और राजनीति से जुड़े विषयों पर व्यापक रूप से काम किया है. मेदिनीनगर (पलामू) में जमीनी स्तर की पत्रकारिता में इनकी खास पकड़ रही है. समाज से जुड़े महत्वपूर्ण और अनदेखे मुद्दों को सामने लाने, आम लोगों की समस्याओं को आवाज देने और सामाजिक सरोकार से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाने के लिए वह जाने जाते हैं. अपराध और राजनीति से जुड़े मामलों की रिपोर्टिंग के साथ-साथ उन्होंने सामाजिक बदलाव और जनहित के मुद्दों पर भी लगातार काम किया है. क्राइम रिपोर्टिंग, सामाजिक सरोकार और राजनीतिक पत्रकारिता उनके प्रमुख कार्यक्षेत्र रहे हैं. तीन दशकों के अनुभव के दौरान उन्होंने बदलते मीडिया परिदृश्य और पत्रकारिता के तौर-तरीकों को करीब से देखा और समझा है. उनकी पत्रकारिता में जमीनी अनुभव, सामाजिक मुद्दों की समझ और तथ्यपरक रिपोर्टिंग को विशेष महत्व मिलता है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >