हरिहरगंज. पलामू डीसी समीरा एस के निर्देश पर अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रविवार की देर रात्रि हरिहरगंज में खनन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की. टीम ने हरिहरगंज टोल प्लाजा के पास से अवैध स्टोन चिप्स लदे पांच वाहनों को जब्त किया. जानकारी के अनुसार जिला खनन पदाधिकारी को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ वाहन अवैध रूप से स्टोन चिप्स लोड कर बिहार जा रहे हैं. सूचना के आधार पर खान निरीक्षकों ने स्थानीय पुलिस की मदद से टोल प्लाजा के पास नाकेबंदी कर जांच अभियान चलाया. इस दौरान छतरपुर की ओर से आ रहे पांच वाहनों को रोककर जांच की गयी. जांच के दौरान किसी भी वाहन चालक के पास स्टोन चिप्स के परिवहन से संबंधित वैध कागजात नहीं पाया गया. इसके बाद खान निरीक्षक हरेंद्र कुमार ने सभी वाहनों को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी. विभाग द्वारा वाहन चालकों से स्टोन चिप्स के लोडिंग स्थल के बारे में पूछताछ की जा रही है, ताकि अवैध खनन और सप्लाई नेटवर्क का पता लगाया जा सके. जिला खनन पदाधिकारी सुनील कुमार ने कहा कि बिना वैध कागजात के स्टोन चिप्स की बिक्री और परिवहन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी.
हरिहरगंज में स्टोन चिप्स लदे पांच वाहन जब्त
हरिहरगंज में स्टोन चिप्स लदे पांच वाहन जब्त
