Palamu: देर रात रेगनिया गांव पहुंचे वित्त मंत्री, अवैध मिट्टी तस्करी में लगे पोकलेन और ट्रेलर को कराया जब्त

Palamu: पलामू के छतरपुर प्रखंड स्थित रेगनिया गांव में वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने देर रात पहुंचकर अवैध मिट्टी तस्करी के खिलाफ कार्रवाई कराई. मौके से पोकलेन मशीन और ट्रेलर जब्त किए गए. पूरी खबर नीचे पढ़ें...

निखिल सिन्हा की रिपोर्ट
Palamu: झारखंड सरकार के वित्त मंत्री सह छतरपुर विधायक राधाकृष्ण किशोर छतरपुर प्रखंड के रेगनिया गांव में देर रात्रि पहुंचे. उक्त गांव में जीएम लैंड भूमि से मिट्टी मोरम में अवैध उत्खनन ने किया जा रहा है. मंत्री के निर्देश पर उक्त स्थल से अवैध रूप से मिट्टी मोरम उठाव कर रहे तीन टेलर और एक पोकलेन को जब्त किया गया. इस मामले की शिकायत स्थानीय ग्रामीणों ने मंत्री श्री किशोर से की थी. प्रशासन को भी सूचना दी गई थी, लेकिन प्रशासनिक कार्रवाई नहीं होने से लोगों में आक्रोश था. प्रखंड क्षेत्र के गोसाईडीह, रेगनिया आदि गांवों पिछले दो वर्ष से अंतरराज्यीय गिरोह के द्वारा अवैध उत्खनन किया जा रहा था.

बिहार भेजी जा रही है मिट्टी

मिट्टी को बिहार के कई जिलों में भेजा जा रहा था. क्षेत्र में लगभग 300 एकड़ से अधिक की भूमि पर मिट्टी की कटाई की जा चुकी है. जिसकी सूचना मिलने पर वित्त मंत्री श्री किशोर रात करीब 11 बजे रेगनिया पहुंचे. मंत्री का काफिला देख मौके पर उपस्थित मिट्टी उत्खनन में लगे सभी लोग फरार हो गये. मौके पर से मिट्टी की कटाई करने वाली मशीन पोकलेन और मिट्टी के परिवहन कार्य में लगे तीन ट्रेलर (बीआर 26 जीसी 5571, सीजी 22 ए 0156, सीजी 15 ईजे 4283) को जब्त किया गया. साथ ही एक पोकलेन को भी जब्त किया गया.

लोगों ने कई बार की है मिट्टी तस्करी की शिकायत

वित्त मंत्री ने बताया कि क्षेत्र में लोगों द्वारा अवैध उत्खनन कर बिहार और अन्य राज्यों में मिट्टी मोरम की तस्करी की जा रही है. माफिया के द्वारा बिना किसी लीज या बिना वैध कागजात के राजस्व की चोरी की जा रही है. मिट्टी चोरी से मना करने पर माफिया के द्वारा स्थानीय लोगों को धमकी दी जाती थी. मिट्टी चोरी के इस बड़े खेल में स्थानीय प्रशासन को संज्ञान लेते हुए कार्रवाई करनी चाहिए थी. हालांकि ग्रामीणों के द्वारा इसकी सूचना अंचल कार्यालय को भी दी गई थी. जिस पर ठोस कार्रवाई करने की आवश्यकता है.

खनन विभाग भी करेगा कार्रवाई

मौके पर एसडीपीओ प्रशांत कुमार को सूचित किया गया. सूचना पाकर प्रशांत कुमार स्थल पर पहुंचे और गाड़ियों को जब्त कर थाने के हवाले कर दिया. सीडीपीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि फिलहाल खनन विभाग को सूचित किया गया है. जब्त किए गए वाहनों की जानकारी निकाली जा रही है. खान निरीक्षक हरेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि विभाग द्वारा मामला दर्ज कर कार्रवाई की जायेगी.

ये भी पढ़ें…

पलामू: सरसोत गांव में अवैध हथियार के साथ युवक गिरफ्तार, दो देशी कट्टा जब्त

पलामू: जंगल में मिला 15 दिनों से लापता महिला का कंकाल, कपड़ों से हुई पहचान

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >