अनुपस्थित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण, वेतन पर रोक

वित्त मंत्री ने नौडीहा बाजार प्रखंड सह अंचल कार्यालय का किया औचक निरीक्षण

वित्त मंत्री ने नौडीहा बाजार प्रखंड सह अंचल कार्यालय का किया औचक निरीक्षण नौडीहा बाजार. राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने गुरुवार को नौडीहा बाजार प्रखंड सह अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने कर्मचारियों की उपस्थिति पंजी की जांच की, जिसमें कई कर्मचारी अनुपस्थित पाये गये. इस पर मंत्री ने कड़ा रुख अपनाते हुए अनुपस्थित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा और उनके वेतन निकासी पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने का निर्देश पलामू के उपायुक्त को दिया. बेवजह जनता को परेशान करने की प्रवृत्ति छोड़ें मंत्री ने उपस्थित कर्मचारियों से बातचीत कर उन्हें अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ निभाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि यह इलाका उग्रवाद प्रभावित रहा है, इसलिए विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम करना आवश्यक है. यदि अधिकारी और कर्मचारी अनुपस्थित रहेंगे तो जनता की समस्याओं का समाधान कौन करेगा. उन्होंने चेतावनी दी कि बेवजह जनता को परेशान करने और कार्य टालने की प्रवृत्ति छोड़नी होगी, अन्यथा संसदीय प्रणाली से जनता का विश्वास उठ जायेगा. वित्त मंत्री ने स्पष्ट किया कि आम नागरिकों को समय पर राशन उपलब्ध कराया जाये. जन्म, मृत्यु, जाति, आय और आवासीय प्रमाण पत्र निर्धारित समय सीमा के भीतर दिए जाएं. जमीन से जुड़े मामलों का निष्पादन भी समय पर होना चाहिए ताकि लोग अपने काम के लिए भटकें नहीं. निरीक्षण के दौरान सहायक अभियंता ओमप्रकाश राम, पंचायत सेवक अमित कुमार, जनसेवक धर्मेंद्र कुमार और प्रमोद कुमार, लेखा सहायक अलंकार दुबे, रोजगार सेवक जितेंद्र कुमार राम और संजय कुमार सूरज, अंचल कार्यालय के अमीन कुमार सौरभ अनुपस्थित पाये गये. मंत्री ने डीसी को स्थिति से अवगत कराते हुए अनुपस्थित कर्मचारियों का वेतन काटने और उनसे स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया. निरीक्षण के बाद मंत्री ने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं. इससे पहले उन्होंने प्रखंड क्षेत्र के कई गांवों का दौरा भी किया. डिग्री कॉलेज में ताला : प्राचार्य को हटाने का निर्देश वित्त मंत्री ने नौडीहा क्षेत्र के डिग्री कॉलेज का भी औचक निरीक्षण किया. कॉलेज में ताला लटका मिला और प्राचार्य सहित सभी शिक्षक व कर्मचारी अनुपस्थित थे. इस पर उन्होंने गंभीरता दिखाते हुए नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. दिनेश कुमार सिंह से दूरभाष पर बात की. मंत्री ने कुलपति को कॉलेज की स्थिति से अवगत कराया और तत्काल प्रभाव से प्राचार्य को हटाने का निर्देश दिया. साथ ही अनुपस्थित शिक्षकों और कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगने को कहा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Akarsh aniket

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >