टूटी सड़क, खुले नाले और अंधेरा... पंचवटी नगर में लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल

मेदिनीनगर के पंचवटी नगर में जर्जर सड़क और क्षतिग्रस्त नाली के स्लैब से स्थानीय लोग परेशान हैं. नगर निगम से मरम्मत की मांग की गई है. पूरी खबर यहाँ पढ़ें.

राकेश पाठक की रिपोर्ट

मेदिनीनगर (पलामू): जिला मुख्यालय मेदिनीनगर के शहरी क्षेत्र में सड़कों की बदहाल स्थिति लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है. नगर निगम क्षेत्र के कई मुहल्लों में सड़क और नाली की स्थिति खराब है. पंचवटी नगर मुहल्ले के लोग भी लंबे समय से जर्जर सड़क और क्षतिग्रस्त नाली के स्लैब की समस्या झेल रहे हैं. इससे लोगों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही है और हादसे का खतरा भी बना हुआ है.

नाली निर्माण में तोड़ी सड़क, आज तक नहीं हुई मरम्मत

स्थानीय लोगों के अनुसार करीब ढाई साल पहले नगर निगम प्रशासन की ओर से मुहल्ले में अंडरग्राउंड नाली का निर्माण कराया गया था. नाली निर्माण के दौरान अच्छी-खासी पीसीसी सड़क को तोड़ दिया गया. निर्माण कार्य पूरा होने के बाद संवेदक ने क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत नहीं करायी. लोगों का कहना है कि नाली निर्माण के छह माह भी नहीं बीते थे कि कई जगहों पर इसके स्लैब टूटने लगे.

शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई

स्थानीय लोगों ने बताया कि नाली के टूटे स्लैब और जर्जर सड़क की समस्या को लेकर नगर निगम में शिकायत भी की गयी, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ. आवागमन में परेशानी बढ़ने पर लोगों ने अपने निजी खर्च से कुछ जगहों पर नाली के स्लैब लगाये. इसके बावजूद करीब आधा दर्जन स्लैब अब भी टूटे हुए हैं. लोगों के अनुसार करीब एक साल से यह समस्या बनी हुई है.

ये भी पढ़ें- Ranchi में तीन बड़े फ्लाइओवर का टेंडर फाइनल, अक्तूबर से शुरू होगा निर्माण

स्ट्रीट लाइट भी महीनों से खराब

मुहल्ले में लगी स्ट्रीट लाइट भी कई महीनों से खराब है. अंधेरा रहने के कारण रात में लोगों को पैदल आने-जाने में भी परेशानी होती है. बरसात के दिनों में जर्जर सड़क और खुले नाले के कारण लोगों की मुश्किल और बढ़ गयी. स्थानीय लोगों का कहना है कि कई जगह नाली के स्लैब टूटने से लोग गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं.

मोड़ पर टूटा स्लैब, वाहनों को भी परेशानी

मुहल्ले की गली के मोड़ पर नाली का स्लैब टूट जाने से वाहनों के गुजरने में भी परेशानी होती है. खासकर चारपहिया वाहन और टेंपो चालकों को काफी दिक्कत होती है. स्थानीय लोगों अरुण दुबे, हरिहरनंद चौबे, बबलू उपाध्याय, कन्हैया दुबे सहित अन्य ने बताया कि अब स्थिति काफी भयावह हो गयी है. सड़क जर्जर होने के साथ कई जगह नाली के स्लैब टूटे हैं, जिससे हर समय गिरने का खतरा बना रहता है. स्थानीय लोगों ने नगर निगम प्रशासन से जर्जर सड़क की मरम्मत कराने, क्षतिग्रस्त नाली के स्लैब बदलने और खराब स्ट्रीट लाइट को दुरुस्त कराने की मांग की है.

ये भी पढ़ें- करोड़ों के खर्च पर ऑडिट में मिली गड़बड़ियां, NPU VC के अधिकार पर अगले आदेश तक रोक

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >