पलामू से कृष्णा गुप्ता की रिपोर्ट
Palamu News: झारखंड के पलामू जिले के हरिहरगंज थाना क्षेत्र के शहरी क्षेत्र के वैद्य बिगहा मुहल्ला स्थित आंगनबाड़ी केंद्र के पीछे शनिवार सुबह 36 वर्षीय अज्ञात युवक का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. इसकी जानकारी मिलने पर काफी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई.
घटनास्थल पर बिखरे मिले खून के धब्बे
युवक का शव आंगनबाड़ी केंद्र के पीछे जमीन पर पड़ा हुआ था. मृतक के सिर और चेहरे पर धारदार हथियार से वार के छह गहरे जख्म के निशान देखे गए. घटनास्थल पर खून के धब्बे भी बिखरे हुए पाए गए, जिससे आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या कर दी गई है.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
सूचना मिलने के बाद हरिहरगंज थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार ने बताया कि युवक के सिर और चेहरे पर करीब छह जगहों पर धारदार हथियार से जख्म के निशान मिले हैं. प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है. शव की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है.
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है. थाना प्रभारी के अलावा एसआइ संतोष कुमार, एसआइ अविनाश कुमार एवं एएसआइ सुनील कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर मौजूद रहे. पुलिस ने जल्द मामले का खुलासा करने का दावा किया है.
यह भी पढ़ें: बिरसा मुंडा जेल की महिला बंदी के गर्भवती होने के मामले पर हाईकोर्ट सख्त, डीजीपी से मांगा जवाब
यह भी पढ़ें: झारखंड हाईकोर्ट से आलमगीर आलम को झटका, टेंडर कमीशन घोटाले में डिस्चार्ज याचिका खारिज
