मेदिनीनगर,पलामू: जिला मुख्यालय मेदिनीनगर नगर निगम क्षेत्र के न्यू एरिया हमीदगंज मोहल्ले में नाले पर बना कल्वर्ट जर्जर और क्षतिग्रस्त हो गया है. इससे लोगों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. यह कल्वर्ट शिवकुमार लाल रोड में वार्ड संख्या 11 और 12 की सीमा पर स्थित है. स्थानीय लोगों का कहना है कि कल्वर्ट क्षतिग्रस्त होने के कारण चार पहिया वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है, जबकि दो पहिया वाहन किसी तरह गुजर रहे हैं.
एक साल पहले टूट गया था किनारा
स्थानीय लोगों के अनुसार करीब एक साल पहले ट्रैक्टर के गुजरने के दौरान कल्वर्ट के किनारे का हिस्सा टूट गया था. इसके बाद लोगों ने नगर निगम के पदाधिकारियों से मिलकर कल्वर्ट की मरम्मत और निर्माण की मांग की थी. लेकिन समय पर मरम्मत नहीं होने के कारण वाहनों का परिचालन जारी रहा और कल्वर्ट धीरे-धीरे कमजोर होकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.
फरवरी से बढ़ी आवागमन की परेशानी
स्थानीय लोगों ने बताया कि फरवरी महीने से यहां आवागमन में ज्यादा परेशानी हो रही है. कल्वर्ट क्षतिग्रस्त होने के कारण चार पहिया वाहनों का रास्ता बंद है. पत्थर मिल रोड की ओर जाने के लिए लोगों को दूसरे रास्ते का सहारा लेना पड़ता है. क्षतिग्रस्त कल्वर्ट के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है. खासकर छोटे बच्चों और बुजुर्गों को इसे पार करने में काफी परेशानी होती है.
अन्य नालियों के निर्माण की भी मांग
स्थानीय राजेंद्र तिवारी, अधिवक्ता कमलेश सिंह, अनिल सिंह, टुनटुन, अरुण चंद्रवंशी, बीरेन्द्र कुमार, कमलेश पांडेय और शैलेंद्र कुमार ने नगर निगम प्रशासन से क्षतिग्रस्त कल्वर्ट का जल्द निर्माण कराने की मांग की है. लोगों ने कहा कि मोहल्ले के पवनसुत मार्ग समेत अन्य जगहों की नालियां भी क्षतिग्रस्त हैं. इनका निर्माण भी प्राथमिकता के आधार पर कराया जाना चाहिए.
योजना स्वीकृति के बाद शुरू होगा निर्माण
वार्ड संख्या 11 की पार्षद कविता देवी ने बताया कि क्षतिग्रस्त और जर्जर कल्वर्ट के निर्माण का प्रस्ताव नगर निगम को दिया गया है. योजना की स्वीकृति मिलने और टेंडर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू होगा.
स्थानीय लोगों का सवाल है कि आखिर कल्वर्ट का निर्माण कब होगा. लोगों का कहना है कि अब स्थिति ऐसी हो गयी है कि इस कल्वर्ट से पैदल गुजरने में भी डर बना रहता है.
