सतबरवा, पलामू : मलय डैम परिसर में गुरुवार को सामाजिक कार्यकर्ता आशीष सिन्हा के नेतृत्व में सम्मान समारोह आयोजित किया गया. इसमें मलय डैम के चैन संख्या 18, सतबहिनी के पास क्षतिग्रस्त नहर की मरम्मत में सक्रिय भूमिका निभाने वाले विभागीय कर्मियों, मजदूरों और सहयोग करने वाले लोगों को सम्मानित किया गया.
किसान महापंचायत के बाद तेज हुई थी पहल
आशीष सिन्हा ने कहा कि नहर क्षतिग्रस्त होने के कारण सतबरवा, मेदिनीनगर सदर और लेस्लीगंज प्रखंड क्षेत्र के 105 गांवों के किसानों के सामने सिंचाई की समस्या उत्पन्न हो गयी थी. किसानों ने समस्या के समाधान के लिए 16 जुलाई 2026 को महापंचायत का आयोजन किया था.
किसानों के आंदोलन की सक्रियता के बाद पांकी विधायक कुशवाहा डॉ. शशिभूषण मेहता और पलामू डीसी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने क्षतिग्रस्त नहर का निरीक्षण किया था. इसके बाद विभाग को तत्काल मरम्मत कार्य कराने का निर्देश दिया गया.
नहर दुरुस्त होने से खेतों तक पहुंचा पानी
आशीष सिन्हा ने कहा कि विभागीय इंजीनियरों और कर्मियों के साथ किसानों व जनप्रतिनिधियों की सक्रियता से नहर की मरम्मत समय पर पूरी हो सकी. इसके बाद किसानों के खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंच पाया.
उन्होंने पलामू डीसी, पांकी विधायक तथा विभाग के पदाधिकारी और कर्मियों के प्रति आभार जताया. उन्होंने कहा कि किसान हमारे अन्नदाता हैं. उनकी समस्या का समाधान करना हम सभी का परम कर्तव्य है.
विभागीय कर्मियों और मीडिया प्रतिनिधियों का सम्मान
समारोह में विभाग के नंदू प्रजापति, राजू सिंह, नरेंद्र सिंह, गुरु दयाल सिंह, विश्वकर्मा सिंह, बुद्धेश्वर राम, झुमक सिंह, सत्येंद्र यादव, दीपक यादव और संजय यादव समेत नहर मरम्मत कार्य में सहयोग करने वाले लोगों को सम्मानित किया गया. इस दौरान मीडिया के प्रतिनिधियों को भी सम्मानित किया गया.
