Palamu News: बटाने नदी में डूबे दूसरे युवक का शव 43 घंटे बाद बरामद, झाड़ियों में फंसा था शव

पलामू के हरिहरगंज में बटाने नदी में डूबे दूसरे युवक का शव 43 घंटे बाद एनडीआरएफ की टीम ने बरामद किया। पिकनिक मनाने आए दो युवकों की डूबने से हुई थी मौत।

हरिहरगंज,पलामू: पलामू जिले के हरिहरगंज थाना क्षेत्र के सियरभूका बगीचा के पास बटाने नदी में डूबे दूसरे युवक का शव करीब 43 घंटे बाद सोमवार को बरामद किया गया. एनडीआरएफ की 30 सदस्यीय टीम ने अभियान चलाकर नदी की झाड़ियों में फंसे शव को बाहर निकाला.

मृतक की पहचान बिहार के औरंगाबाद जिले के कुटुंबा थाना क्षेत्र के हेमजा गांव निवासी स्वर्गीय जगनारायण चंद्रवंशी के 32 वर्षीय पुत्र राजू चंद्रवंशी उर्फ टेनी के रूप में हुई है. वह टेंपो चालक था. बताया गया कि राजू का शव घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर झाड़ियों में फंसा हुआ था.

एनडीआरएफ ने चलाया अभियान

स्थानीय लोगों और पुलिस की लगातार खोजबीन के बावजूद शव नहीं मिल पा रहा था. एनडीआरएफ इंस्पेक्टर गगन सिन्हा के नेतृत्व में 30 सदस्यीय टीम ने सोमवार को अभियान चलाया. काफी मशक्कत के बाद टीम ने झाड़ियों में फंसे शव को बरामद किया. इसके बाद शव पुलिस को सौंप दिया गया. शव मिलने की सूचना पर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गयी.

पिकनिक मनाने पहुंचे थे युवक

बताया गया कि शनिवार को औरंगाबाद से युवकों की टोली बटाने नदी में पिकनिक मनाने पहुंची थी. इसी दौरान तीन युवक नहाने के लिए नदी में उतरे और गहरे पानी में चले गये. ग्रामीणों ने एक युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि रितिक कुमार और राजू चंद्रवंशी डूब गये थे. रविवार को रितिक का शव बरामद हुआ था. राजू की तलाश जारी थी.

मौके पर थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार, बीडीओ पारितोष प्रियदर्शी, सीओ मनीष कुमार सिन्हा समेत कई पुलिसकर्मी मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >