मोहम्मदगंज (पलामू): मोहम्मदगंज पुलिस ने गुरुवार की सुबह करीब आठ बजे रेल पटरी से एक अज्ञात युवक का शव बरामद किया. मोहम्मदगंज-सतबहिनी स्टेशन के बीच डाउन रेल टनल के समीप पोल संख्या 344/36 के पास शव मिला. पुलिस शव की पहचान कराने में जुटी है.
अर्धनग्न हालत में मिला शव
मृतक युवक का शव अर्धनग्न स्थिति में था. उसके निचले हिस्से में काला पैंट था. चेहरे पर बाल और दाढ़ी बढ़ी हुई थी, जबकि शरीर के कई हिस्से क्षतिग्रस्त मिले हैं. पुलिस ने घटनास्थल पर पंचनामा तैयार करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया.
ये भी पढ़ें- हरिहरपुर स्कूल में स्वच्छता अभियान, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने मिलकर की साफ-सफाई
एक्सप्रेस ट्रेन से गिरने की आशंका
पुलिस ने आशंका जताई है कि युवक रात में डाउन रेल पटरी से गुजरने वाली किसी एक्सप्रेस ट्रेन से गिर गया होगा. इस रेल पटरी से गुजरने वाली ट्रेनें मेदिनीनगर होते हुए रांची जाती हैं. ऐसे में मृतक के आसपास के क्षेत्र का होने की संभावना भी जताई जा रही है.
पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है. पुलिस ने लोगों से शव की पहचान कराने में सहयोग की अपील की है. पुलिस का कहना है कि शव की पहचान होने के बाद ही घटना की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी.
ये भी पढ़ें- सिमडेगा में नौकरी दिलाने के नाम पर 5-6 करोड़ की ठगी, भिएसके फाउंडेशन से जुड़े 6 आरोपी गिरफ्तार
