मेदिनीनगर. चैनपुर थाना क्षेत्र के रामपुर गांव के समीप गुरुवार सुबह कोयल नदी से एक अधेड़ का शव बरामद किया गया. मृतक की पहचान बारालोटा निवासी गुड्डू तिवारी (45) के रूप में हुई है. नदी में शव देखकर ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
ग्रामीणों से शव मिलने की सूचना मिलते ही चैनपुर थाना प्रभारी लालजी पुलिस जवानों के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला और अपने कब्जे में लिया. इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया. घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजनों में भी शोक का माहौल है.
ये भी पढ़ें: पलामू में एक दिन में तीन मौतों से मचा हड़कंप, दो की सड़क हादसे में गई जान; महिला ने सल्फास खाकर दी जान
डूबने से मौत की आशंका
थाना प्रभारी लालजी ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक की मौत नदी में डूबने से होने की आशंका है. हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा. पुलिस मामले की जांच कर रही है और मौत से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटायी जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें: सतर्क रहें : राजधानी में स्वाइन फ्लू की दस्तक, रिम्स व निजी लैब की जांच में अब तक 24 संक्रमित
ग्रामीणों में बनी रही चर्चा
सुबह कोयल नदी में शव मिलने की खबर फैलते ही रामपुर गांव और आसपास के इलाके में लोगों की भीड़ जुट गयी. ग्रामीणों के बीच घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं. पुलिस ने लोगों से घटना से जुड़ी किसी भी तरह की जानकारी होने पर इसकी सूचना देने की अपील की है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.
