डोमचांच. थाना क्षेत्र के लक्षणडीह गांव में पारिवारिक विवाद के दौरान मारपीट एवं वाहन तोड़फोड़ का मामला सामने आया है. इस संबंध में पीड़ित पक्ष ने डोमचांच थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है. जानकारी के अनुसार, बरही के धनवार निवासी मो. इरफान मियां ने थाना में दिये आवेदन में बताया है कि उनकी पुत्री की शादी 15 अक्तूबर 2024 को लक्षणडीह निवासी मो. आदम, पिता अब्दुल रशीद के साथ हुई थी. आवेदन में आरोप लगाया गया है कि विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग को लेकर उनकी पुत्री को प्रताड़ित करते थे. पीड़िता सन्ना परवीन ने बताया कि वह अपने कुछ रिश्तेदारों के साथ सामान लेकर लक्षणडीह स्थित ससुराल पहुंची थी. सामान उतारने के बाद अचानक उसका भैसुर वहां पहुंचा और वाहन में तोड़फोड़ करने लगा. उसने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष के लोगों ने नकद रुपये की मांग करते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग किया तथा मारपीट की. आवेदन में अब्दुल रशीद, रोकशाना खातून, मो. हाशिम, मो. मोहसिन एवं मो. आजम पर दहेज मांगने, मारपीट करने तथा दो वाहनों के शीशे तोड़ने का आरोप लगाया गया है. घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने डोमचांच थाना में लिखित शिकायत देकर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
दहेज की मांग को लेकर मारपीट, दो वाहनों में तोड़फोड़ का आरोप
दहेज की मांग को लेकर मारपीट, दो वाहनों में तोड़फोड़ का आरोप
