मेदिनीनगर,पलामू: जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार हो रही अत्यधिक बारिश के कारण सदर मेदिनीनगर अनुमंडल की विभिन्न नदियों, तालाबों और अन्य जलस्रोतों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पदाधिकारी, सदर मेदिनीनगर ने आधिकारिक एडवाइजरी जारी कर सभी थाना प्रभारियों और अंचल अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिये हैं.
संवेदनशील इलाकों पर नजर रखने का निर्देश
प्रशासन ने सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में जलस्तर पर लगातार नजर रखने और विशेष रूप से संवेदनशील एवं निचले इलाकों का खुद निरीक्षण करने का आदेश दिया है. किसी भी क्षेत्र में जलस्तर में असामान्य वृद्धि या बाढ़ के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीम को सूचित करने के निर्देश दिये गये हैं.
निचले क्षेत्रों में 24 घंटे निगरानी
प्रशासन की ओर से सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निचले क्षेत्रों की पहचान करने तथा नदी और तालाबों के आसपास के संवेदनशील एवं निचले इलाकों को चिह्नित करने का निर्देश दिया गया है. इन क्षेत्रों में 24 घंटे निगरानी रखने को कहा गया है.
हेल्पलाइन नंबर : 9431138170, 8840319664, 9905381347.
