हरिहरगंज, पलामू : पीपरा प्रखंड की तेंदुई पंचायत अंतर्गत पिंजरही गांव में करीब एक माह से बिजली संकट बना हुआ है. गांव में लगा 25 केवीए का ट्रांसफार्मर करीब एक माह पहले जल गया था, जिसे अब तक नहीं बदला गया है. इससे ग्रामीण अंधेरे में रहने को मजबूर हैं. बिजली आपूर्ति बाधित रहने से रोजमर्रा के कामकाज के साथ छात्र-छात्राओं की पढ़ाई और खेतों की सिंचाई भी प्रभावित हो रही है.
रात में विषैले जीव-जंतुओं का खतरा
ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय से बिजली नहीं रहने के कारण रात में अंधेरा रहता है. इससे विषैले जीव-जंतुओं का खतरा बना रहता है. घर से बाहर निकलने में भी परेशानी होती है. ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से बिजली आपूर्ति बाधित रहने के बावजूद ट्रांसफार्मर नहीं बदले जाने से लोगों में नाराजगी है.
63 केवीए का ट्रांसफार्मर लगाने की मांग
ग्रामीणों ने बिजली विभाग को आवेदन देकर जले हुए 25 केवीए के ट्रांसफार्मर की जगह 63 केवीए का नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि गांव की जरूरत के अनुसार अधिक क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाया जाये, ताकि बार-बार ट्रांसफार्मर जलने की समस्या से निजात मिल सके.
मांग करने वालों में झामुमो प्रखंड अध्यक्ष राजन सिंह उर्फ भोलू बाबू, अजीत सिंह, भूपेंद्र सिंह, महेंद्र सिंह, अखिलेश सिंह, ललन ठाकुर, सिकंदर सिंह, अरुण सिंह, पवन सिंह, रामराज सिंह, जितेंद्र भुईयां समेत अन्य ग्रामीण शामिल हैं.
