मेदिनीनगर. बुधवार को सीएम उत्कृष्ट बालिका प्लस टू विद्यालय ( केजी स्कूल ) में निःशुल्क नेत्र जांच शिविर सह रक्तदान जागरूकता कार्यक्रम हुआ. भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी व सेसा के संयुक्त प्रयास से इसका आयोजन किया गया.पलामू के नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ प्रसून कुमार की देखरेख में डॉ सन्नी सिंह व डॉ अमित कुमार ने छात्राओं के आखों की जांच की. इस दौरान उन्हें उचित चिकित्सा परामर्श दिया गया. नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ प्रसून कुमार ने बताया कि आंख मानव शरीर का प्रमुख अंग है. आंख के बिना व्यक्ति का जीवन अंधकारमय हो जाता है. ऐसी स्थिति में आंखों की देखभाल सही तरीके से करना चाहिए. किसी तरह की परेशानी होने पर इलाज कराना चाहिए. शिविर में विद्यालय की 100 छात्राओं के आांखों की जांच की गयी. साथ ही सेसा के सहयोग से 50 छात्राओं के बीच चश्मा ( रीडिंग ग्लास) वितरण किया गया. शिविर में रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव डॉ सत्यजीत गुप्ता ने शिक्षकों व छात्राओं को रक्तदान के प्रति जागरूक किया. उन्होंने रक्तदान के महत्व और उससे होने वाले लाभ के बारे में विस्तृत जानकारी दी. मौके पर विद्यालय के प्राचार्य आशीष कुमार दुबे, सोसायटी के उपाध्यक्ष आलोक कुमार पाठक, कोषाध्यक्ष सुधीर कुमार सिंह, सदस्य हरिशंकर सिंह, नवनीत कुमार,अजय कुमार, ज्योति टोप्पो सहित स्कूल की शिक्षिकाएं व छात्राएं शामिल रहीं.
शिविर में 100 छात्राओं की हुई नेत्र जांच, 50 चश्मा वितरण
शिविर में 100 छात्राओं की हुई नेत्र जांच, 50 चश्मा वितरण
