अमड़ापाड़ा : थाना क्षेत्र के बासमती मुखिया टोला निवासी ओमप्रकाश पाल उम्र करीब 28 वर्ष, पिता रामजी पाल ने मंगलवार को पारिवारिक विवाद के बीच कथित रूप से विषैला पदार्थ खाकर जान देने का प्रयास किया. घटना के बाद उसकी तबीयत बिगड़ने पर परिजनों और पुलिस के सहयोग से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमड़ापाड़ा पहुंचाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक डॉ. शिवम कुमार ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए दुमका रेफर कर दिया.
विवाद बढ़ने के बाद मामला बढ़ा
प्राप्त जानकारी के अनुसार ओमप्रकाश पाल पहले से शादीशुदा है और दो बच्चों का पिता है. बताया जा रहा है कि करीब 10-15 दिन पूर्व वह गोड्डा क्षेत्र से एक अन्य महिला को अपने साथ लेकर आया था और उसे घर में रख रहा था. इसी बात को लेकर परिवार में विवाद उत्पन्न हो गया था. विवाद बढ़ने के बाद मामला अमड़ापाड़ा थाना तक पहुंचा. मंगलवार को थाना परिसर में दोनों पक्षों के बीच उत्पन्न विवाद को सुलझाने के लिए सुलहनामा की प्रक्रिया चल रही थी.
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया
इसी दौरान ओमप्रकाश पाल अपनी पत्नी के साथ बातचीत करने के लिए अलग चला गया. कुछ देर बाद उसकी पत्नी ने हो-हल्ला करते हुए बताया कि उसके पति की तबीयत बिगड़ रही है. इसके बाद थाना परिसर में मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई. आनन-फानन में परिजनों और पुलिस के सहयोग से ओमप्रकाश पाल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमड़ापाड़ा लाया गया.
बेहतर इलाज के लिए दुमका रेफर
चिकित्सक डॉ. शिवम कुमार ने प्राथमिक उपचार करने के बाद उसकी स्थिति गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए दुमका रेफर कर दिया. फिलहाल युवक की स्थिति गंभीर बताई जा रही है. इधर पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है. घटना के वास्तविक कारणों की स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
