प्रज्ञा केंद्र संचालकों को चेतावनी, अवैध वसूली पर होगी सख्त कार्रवाई

हिरणपुर प्रखंड सह अंचल कार्यालय में बीडीओ दिलीप टुडू और सीओ मनोज कुमार की बैठक हुई, जिसमें प्रज्ञा केंद्र संचालकों को सरकारी योजनाओं एवं प्रमाण पत्र निर्गत करने में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। अवैध राशि वसूली की शिकायतों पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई। बीडीओ ने प्रति माह 20 तारीख को प्रज्ञा केंद्र संचालकों के साथ समीक्षात्मक बैठक आयोजित करने की घोषणा की। बैठक में सरकारी योजनाओं की प्रगति और कार्यों की समीक्षा की गई।

हिरणपुर प्रखंड सह अंचल कार्यालय में बीडीओ-सीओ ने की बैठक प्रतिनिधि, हिरणपुर हिरणपुर प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में शनिवार को अंचल क्षेत्र के सभी प्रज्ञा केंद्र संचालकों के साथ बीडीओ दिलीप टुडू एवं सीओ मनोज कुमार की उपस्थिति में एक बैठक की गयी. बैठक का उद्देश्य विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं प्रमाण पत्र निर्गत करने की प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करना था. सीओ मनोज कुमार ने बताया कि जाति आय निवास सहित अन्य प्रमाण पत्र बनाने तथा मंईयां योजना लाभार्थियों के सत्यापन के नाम पर कुछ प्रज्ञा केंद्रों द्वारा अवैध राशि वसूली की शिकायतें प्राप्त हुई हैं. सभी संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि किसी भी लाभुक से निर्धारित शुल्क से अधिक राशि नहीं ली जाये. उन्होंने कहा कि आम लोगों को सरकार की योजनाओं का लाभ सरल एवं पारदर्शी तरीके से मिलना चाहिए. किसी भी प्रकार की अनियमितता लापरवाही या अवैध वसूली पाये जाने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी. बीडीओ दिलीप टुडू ने बताया कि आगामी जून माह से प्रत्येक महीने की 20 तारीख को सभी प्रज्ञा केंद्र संचालकों के साथ समीक्षात्मक बैठक आयोजित की जाएगी. इसमें विभिन्न सरकारी योजनाओं की प्रगति एवं कार्यों की समीक्षा की जाएगी. बैठक के दौरान सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन प्रमाण पत्र निर्गत करने की प्रक्रिया तथा लोगों को मिलने वाली सुविधाओं को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गयी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >