प्रतिनिधि, महेशपुर : उर्सुलाइन प्राथमिक शिक्षक शिक्षा महाविद्यालय, चंद्रपुरा में सोमवार को झारखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन पर शोकसभा आयोजित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गयी. शोकसभा में महाविद्यालय की प्राचार्या सि. अगाथा कंडूलना, उप प्राचार्या सि. सलोमी सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे.
दो मिनट का मौन रखकर अर्पित किये श्रद्धासुमन
शोकसभा के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धासुमन अर्पित किये. इस दौरान महाविद्यालय परिसर का माहौल गमगीन रहा.
प्राचार्या सि. अगाथा कंडूलना ने सुदिव्य कुमार सोनू के व्यक्तित्व, सामाजिक सरोकार और समाज के प्रति उनके योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि उनका निधन समाज और परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है. उनके निधन से उत्पन्न रिक्तता की भरपाई संभव नहीं है.
परिजनों के प्रति जतायी संवेदना
शोकसभा में उपस्थित शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं प्रशिक्षणार्थियों ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की. सभी ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने तथा परिजनों को इस दुख की घड़ी में धैर्य और संबल देने की प्रार्थना की.
