बांसलोई नदी किनारे नाबालिग छात्रा का शव, क्षेत्र में सनसनी

पाकुड़ के अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र में बरमसिया कॉलोनी के पास बाँसलोई नदी किनारे एक 14 वर्षीय नाबालिग छात्रा मकलु हेम्ब्रम का शव मिला। मकलु अमड़ापाड़ा के कन्या मध्य विद्यालय में सातवीं कक्षा की छात्रा थी। शव के पास स्कूल ड्रेस, सामान और जहरीली दवा मिली, जबकि मुँह से झाग निकल रहा था। पुलिस ने प्राथमिक जांच में आत्महत्या का संदेह जताया है। मृतका की शादी कुछ दिन पहले दिलीप बेसरा से हुई थी। घटना के वक्त उसकी मां इलाज के लिए बाहर थीं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर गहराई से जांच शुरू कर दी है। परिवार ने निष्पक्ष जांच की मांग की है, और ग्रामीणों में डर का माहौल है।

संवाददाता, पाकुड़. अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के बरमसिया कॉलोनी के समीप बांसलोई नदी किनारे रविवार सुबह एक नाबालिग छात्रा का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी. घटना की सूचना पर अमड़ापाड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की. मृतका की पहचान बरमसिया गांव निवासी स्व बुधिसर हेंब्रम की 14 वर्षीय पुत्री मकलु हेंब्रम के रूप में हुई है. वह अमड़ापाड़ा मुख्य बाजार स्थित कन्या मध्य विद्यालय में सातवीं कक्षा की छात्रा थी. स्थानीय पुलिस ने बताया कि शव के पास एक झोला मिला, जिसमें स्कूल ड्रेस, कॉपियां, कलम, चप्पल आदि सामान थे. मृतका के पास जहरीली दवा की पुड़िया और नाश्ता भी पड़ा मिला था. शव के मुंह से झाग निकल रहा था. पुलिस का कहना है कि प्रथमदृष्टया मामला जहरीला पदार्थ सेवन करके आत्महत्या का प्रतीत होता है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा. वहीं, घटनास्थल पर मृतका की बड़ी बहन शांति हेम्ब्रम, जीजा राजू सोरेन एवं अन्य रिश्तेदारों ने शव की पहचान की. परिजनों ने बताया कि कुछ दिन पहले मकलु की शादी जड़ाकी मांझी टोला निवासी दिलीप बेसरा से हुई थी. घटना के समय मृतका की मां चमोली मुर्मू इलाज के लिए बाहर गयी हुई थी. परिवार के अनुसार मकलु बीते कुछ दिनों से चुपचाप रहती थी लेकिन उसने किसी परेशानी की बात नहीं बताई. परिजनों ने घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की है. घटना की सूचना मिलते ही एसआई गब्रियल आइन्द, एएसआई कवीन्द्र मिश्रा पुलिस बल के साथ पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. इस संबंध में पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी मदन कुमार शर्मा ने बताया कि घटनास्थल से जहरीली दवा बरामद की गयी है. मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा. सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है. घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >