पाकुड़ में शिक्षक दिवस पर स्कूल में ‘लॉलीपॉप’ पर डांस,वायरल वीडियो ने मचाया बवाल

शिक्षक दिवस पर राजकीयकृत स्कूल में 'लॉलीपॉप लागेलू' गाने पर छात्रों के डांस का वीडियो वायरल होने से हड़कंप मच गया है. वीडियो सामने आने के बाद विद्यालय की गरिमा और कार्यक्रम के चयन पर सवाल उठ रहे हैं.

प्रतिनिधि, पाकुड़िया. गुरुओं के सम्मान में मनाए जाने वाले शिक्षक दिवस के अवसर पर राजकीयकृत प्लस टू उच्च विद्यालय, पाकुड़िया का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में विद्यालय परिसर में छात्र-छात्राएं भोजपुरी के चर्चित गाने ‘लॉलीपॉप लागेलू’ पर डांस करते नजर आ रहे हैं. वीडियो सामने आने के बाद विद्यालय की गरिमा और शिक्षक दिवस जैसे आयोजन की मर्यादा को लेकर सोशल मीडिया पर सवाल उठने लगे हैं.

वीडियो वायरल होते ही कार्यक्रम के चयन पर उठे सवाल

शिक्षक दिवस पर विद्यालयों में शिक्षकों के सम्मान के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं. ऐसे में वायरल वीडियो में दिख रहे डांस और बज रहे गाने को लेकर लोगों ने आपत्ति जतायी है. लोगों का कहना है कि विद्यालय ज्ञान, संस्कार और अनुशासन का केंद्र होता है. इसलिए ऐसे आयोजनों में गीत-संगीत के चयन को लेकर विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है.

विद्यालय प्रबंधन से भी पूछे जा रहे सवाल

वीडियो को लेकर यह सवाल भी उठ रहा है कि विद्यालय परिसर में इस तरह का गाना बजने के दौरान प्रबंधन की ओर से तत्काल रोक क्यों नहीं लगायी गयी. खास बात यह है कि विद्यालय से कुछ ही दूरी पर प्रखंड संसाधन केंद्र (बीआरसी) भवन भी स्थित है. ऐसे में मामले को लेकर विद्यालय प्रबंधन की भूमिका पर भी चर्चा हो रही है.

प्रधानाध्यापिका बोलीं- मुख्य कार्यक्रम में नहीं बजा था गाना

मामले में विद्यालय की प्रधानाध्यापिका ने बताया कि संबंधित गाना शिक्षक दिवस के मुख्य कार्यक्रम के दौरान नहीं बजाया गया था. उनके अनुसार, मुख्य कार्यक्रम समाप्त होने के बाद गाना बजाया गया था. जैसे ही विद्यालय प्रबंधन को इसकी जानकारी मिली और गाना सुनाई दिया, तत्काल डीजे बंद करा दिया गया.

शैक्षणिक माहौल और गरिमा बनाए रखने की मांग

वीडियो वायरल होने के बाद विद्यालयों में होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान गीतों के चयन को लेकर बहस तेज हो गयी है. लोगों का कहना है कि शिक्षक दिवस शिक्षकों के सम्मान के साथ विद्यार्थियों में संस्कार, अनुशासन और सम्मान की भावना विकसित करने का अवसर है. ऐसे में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सामग्री और प्रस्तुति विद्यालय की गरिमा के अनुरूप होनी चाहिए.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रमेश भगत

रमेश भगत प्रभात खबर, पाकुड़ में ब्यूरो चीफ हैं. उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), नई दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता की पढ़ाई की है. 15 वर्षों के पत्रकारिता करियर की शुरुआत दिल्ली में CNEB News Channel से की. इसके बाद सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के ईएमएमसी (EMMC) और डीडी न्यूज में कार्य किया. प्रिंट, टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में उन्हें व्यापक अनुभव है. राजनीति, प्रशासन, अपराध, विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण और जनसरोकार सहित हर विधा की खबरों की रिपोर्टिंग और विश्लेषण में उनकी विशेष रुचि है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >