संवाददाता, पाकुड़. स्वास्थ्य विभाग ने फाइलेरिया उन्मूलन को लेकर पाकुड़ पॉलिटेक्निक कॉलेज, सेंट जोसेफ स्कूल, डीएवी पब्लिक स्कूल व राज प्लस टू विद्यालय में जागरुकता अभियान चलाया. बच्चों को फाइलेरिया बीमारी के कारण, उससे होने वाली परेशानी, इलाज के तरीकों व बचाव की जानकारी दी. बताया कि फाइलेरिया उन्मूलन को लेकर जिले भर में 10 से 25 फरवरी तक अभियान चलाया जायेगा. पाकुड़ प्रखंड के बहराबाद गांव में कालाजार रोगियों की जिला वैक्टर जनित रोग पदाधिकारी डॉ अमित कुमार ने जांच भी की. आयोजन जिला वैक्टर जनित रोग पदाधिकारी डॉ अमित कुमार के मार्गदर्शन में हुआ. छात्र-छात्राओं, शिक्षकों व कर्मचारियों को फाइलेरिया रोग के कारण, लक्षण, दीर्घकालिक जटिलताएं व रोग उन्मूलन के लिए एमडीए-आइडीए अभियान की महत्ता के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गयी. डॉ अमित कुमार ने विद्यार्थियों से “स्वास्थ्य दूत ” की भूमिका निभाने का आह्वान किया. कहा कि अपने परिवार एवं समुदाय में जागरुकता फैलाकर अभियान के दौरान सभी पात्र व्यक्तियों को निर्धारित दवाओं का सेवन सुनिश्चित कराएं. मौके पर जिला वीबीडी सलाहकार अंकित कुमार, प्राचार्य, शिक्षक व स्वास्थ्य विभाग के कर्मी मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
