पाकुड़ में बिजली विभाग की सख्ती! सभी घरों में समय पर स्मार्ट मीटर लगाने का निर्देश, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

पाकुड़ में बिजली विभाग ने राजस्व संग्रहण, स्मार्ट मीटरिंग और शत-प्रतिशत बिलिंग पर जोर दिया. बड़े बकायेदारों पर कार्रवाई होगी. जानें पूरा अपडेट.

पाकुड़ : स्थानीय सर्किट हाउस में शनिवार को बिजली विभाग की बैठक हुई. बैठक की अध्यक्षता विद्युत अधीक्षण अभियंता राजकुमार ने की. इसमें जिले में राजस्व संग्रहण, बिलिंग और स्मार्ट मीटरिंग से जुड़े कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई. अधिकारियों को सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में सुचारू रूप से पूरा करने का निर्देश दिया गया.

स्मार्ट मीटर लगाने में तेजी लाने का निर्देश

विद्युत अधीक्षण अभियंता ने पूरे जिले में स्मार्ट मीटर लगाने के कार्य पर विशेष जोर दिया. उन्होंने कहा कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर जिले के सभी उपभोक्ताओं के घरों में स्मार्ट मीटर लगना सुनिश्चित किया जाए. इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने अधिकारियों को स्मार्ट मीटर लगाने के कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया.

शत-प्रतिशत बिलिंग सुनिश्चित करने का निर्देश

बैठक में उपभोक्ता मीटर एवं फीडर मीटर से जुड़े कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा कर नियमित प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया. साथ ही सभी श्रेणी के उपभोक्ताओं की शत-प्रतिशत बिलिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. लंबे समय से बिलिंग से वंचित उपभोक्ताओं की पहचान कर तत्काल बिलिंग शुरू करने को कहा गया.

बड़े बकायेदारों पर होगी कार्रवाई

वहीं, 5 हजार रुपये से अधिक बकाया वाले उपभोक्ताओं की सूची और आरसीडीसी रिपोर्ट समय पर प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया. बड़े बकायेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने को भी कहा गया. बैठक में विद्युत सहायक अभियंता शैलेंद्र बेसरा, प्रभात तिवारी, गिरधारी सिंह मुंडा, आशीष कुमार पटेल, आलोक केरकट्टा, रफीक आलम समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राघव कुमार मिश्रा

राघव कुमार मिश्रा प्रभात खबर के पाकुड़ प्रतिनिधि हैं. उन्होंने स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है. वर्ष 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. प्रशासन, राजनीति, अपराध, सामाजिक सरोकार, शिक्षा और विकास से जुड़े विषयों की रिपोर्टिंग में उन्हें व्यापक अनुभव है. जमीनी मुद्दों पर तथ्यपरक और निष्पक्ष रिपोर्टिंग के लिए उन्हें जाना जाता है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >