पाकुड़: प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत जोरडीहा पंचायत के कुटलो आरईओ सड़क से बड़ा कुटलो बुचु टोला तक करीब एक किलोमीटर सड़क निर्माण में अनियमितता की शिकायत सामने आने के बाद आरईओ विभाग हरकत में आया. मामले को लेकर सोमवार को आरईओ के कार्यपालक अभियंता एतवारी मंडल ने स्थल पर पहुंचकर निर्माण कार्य की जांच की. जांच के दौरान शिकायत सही पाए जाने पर उन्होंने संवेदक को अगले आदेश तक निर्माण कार्य बंद रखने का निर्देश दिया.
चार पुलियों से लिए गए निर्माण सामग्री के नमूने
जांच के दौरान कार्यपालक अभियंता ने निर्माण कार्य में लगे ग्रामीण मजदूरों से योजना से संबंधित जानकारी ली. मजदूरों ने बताया कि पुलिया निर्माण में बालू की जगह स्टोन डस्ट से जोड़ाई की जा रही है. इसके बाद कार्यपालक अभियंता ने निर्माणाधीन चारों पुलियों में इस्तेमाल की गयी निर्माण सामग्री के नमूने लिए. नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है.
जांच रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
कार्यपालक अभियंता एतवारी मंडल ने बताया कि सूचना मिली थी कि सड़क निर्माण में पुलिया की जोड़ाई के लिए बालू की जगह डस्ट का इस्तेमाल किया जा रहा है. स्थल जांच के दौरान शिकायत सही पायी गयी. चारों पुलियों में इस्तेमाल सामग्री के नमूने जांच के लिए भेजे गये हैं. जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संवेदक के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल निर्माण कार्य अगले आदेश तक बंद रखने का निर्देश दिया गया है.
उन्होंने मौके पर मौजूद संवेदक के मुंशी को गुणवत्तापूर्ण कार्य कराने का निर्देश दिया. साथ ही स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में बालू के स्थान पर डस्ट का इस्तेमाल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
जांच दल में सहायक अभियंता दुर्गा सोरेन, कनीय अभियंता जयकिशन मंडल सहित अन्य कर्मी मौजूद थे.
