संवाददाता, पाकुड़. पाकुड़ प्रखंड के गौरीपुर गांव में मंगलवार शाम लक्खी पूजा पर भव्य मेला लगा, जिसमें हजारों लोग शामिल हुए. इस अवसर वर सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भक्तिमय माहौल बना दिया. विशेष अतिथि समाजसेवी अजहर इस्लाम का ग्रामीणों ने गर्मजोशी से स्वागत किया. उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य राजनीति में इंसानियत और समाज सेवा है, न कि पैसा कमाना. उन्होंने गौरीपुर और आसपास के इलाकों में विकास की कमी पर चिंता जतायी और गांव में पेयजल की व्यवस्था के लिए डीप बोरिंग कराने का वादा किया. अजहर इस्लाम ने पाकुड़ विधानसभा में भेदभाव रहित विकास का संकल्प लिया. समाजसेवी सुबोध मंडल ने अजहर इस्लाम जैसे समाज को जोड़ने वाले नेताओं की आवश्यकता बतायी और सामूहिक विकास पर जोर दिया. मेले में विभिन्न धार्मिक झांकियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने लोगों का दिल जीत लिया. देर रात तक पूजा-अर्चना और भजन-कीर्तन का आयोजन चलता रहा. ग्रामीणों ने कहा कि लक्खी पूजा न सिर्फ धार्मिक आस्था का प्रतीक है बल्कि सामाजिक एकता का संदेश भी देती है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
