नगर प्रतिनिधि, पाकुड़. पंचायती राज व्यवस्था को सुदृढ़, प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से सोमवार को पंचम राज्य वित्त आयोग की अध्यक्षता में एनआईसी के माध्यम से पंचायत प्रतिनिधियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग आयोजित की गई. इसमें जिला परिषद अध्यक्ष एवं विभिन्न ग्राम पंचायतों के मुखियाओं के साथ पंचायतों की आवश्यकताओं और विकास कार्यों को लेकर विचार-विमर्श किया गया.
स्थानीय जरूरतों की ली जानकारी
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान आयोग ने पंचायती राज संस्थाओं के कार्यों, स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों, पंचायतों की प्राथमिक आवश्यकताओं तथा विकास योजनाओं के संचालन से जुड़े विषयों पर प्रतिनिधियों से जानकारी ली. पंचायत प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में विकास कार्यों के क्रियान्वयन के दौरान आने वाली चुनौतियों और स्थानीय समस्याओं से आयोग को अवगत कराया.
संसाधनों के बेहतर उपयोग पर सुझाव
इस दौरान पंचायतों को सशक्त बनाने, उपलब्ध संसाधनों एवं वित्तीय प्रावधानों के प्रभावी उपयोग तथा विकास कार्यों में तेजी लाने को लेकर सुझाव भी लिए गए. आयोग ने पंचायत प्रतिनिधियों से सीधे संवाद के माध्यम से जमीनी स्तर की वास्तविक परिस्थितियों को समझने का प्रयास किया. विचार-विमर्श का उद्देश्य स्थानीय स्वशासन व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए आवश्यक सुझाव प्राप्त करना रहा.
पदाधिकारी व प्रतिनिधि रहे मौजूद
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में जिला परियोजना प्रबंधक, ई-पंचायत सहित संबंधित पदाधिकारी एवं पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित थे.
