NEET UG 2026: पाकुड़ के यश आनंद ने मेडिकल प्रवेश परीक्षा में हासिल की शानदार सफलता

पाकुड़ के यश आनंद ने NEET UG 2026 में शानदार प्रदर्शन कर एमबीबीएस में प्रवेश की राह आसान की. जानिए उनकी सफलता की प्रेरणादायक कहानी और संघर्ष के बारे में.

रमेश भगत, पाकुड़

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने बहुप्रतीक्षित NEET UG 2026 (Re-NEET) का परिणाम जारी कर दिया है. इस वर्ष दोबारा आयोजित परीक्षा में करीब 20 लाख अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जिनमें से 11.21 लाख उम्मीदवार सफल घोषित किए गए हैं. इसी परीक्षा में पाकुड़ के यश आनंद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 565 अंक प्राप्त किए और ऑल इंडिया रैंक 26,294 हासिल की है. इस प्रदर्शन के बाद वह एमबीबीएस सीट के लिए मजबूत दावेदार बन गए हैं. उन्हें उम्मीद है कि काउंसलिंग के दौरान झारखंड के किसी सरकारी मेडिकल कॉलेज में प्रवेश मिल जाएगा.

लक्ष्य से नहीं डिगे, एक वर्ष और की तैयारी

यश की सफलता उनके दृढ़ संकल्प का परिणाम है. पिछले वर्ष भी उन्होंने मेडिकल प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण की थी, लेकिन उस समय उन्हें बीडीएस में प्रवेश मिल रहा था. उनका लक्ष्य शुरू से एमबीबीएस करना था. इसी कारण उन्होंने बीडीएस में नामांकन नहीं लिया और दिल्ली के आकाश इंस्टीट्यूट में रहकर एक वर्ष तक दोबारा तैयारी की. उनकी मेहनत इस वर्ष रंग लाई.

पढ़ाई में शुरू से रहे मेधावी

यश की प्रारंभिक शिक्षा पाकुड़ में हुई. उन्होंने सेंट जोसेफ स्कूल, पाकुड़ से 10वीं की परीक्षा 95.8 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण की. इसके बाद बोकारो के चिन्मय विद्यालय से वर्ष 2024 में 12वीं की परीक्षा 94.6 प्रतिशत अंकों के साथ पास की.

सफलता का श्रेय परिवार को दिया

यश ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और परिवार के सहयोग को दिया. उनके पिता गंगाधर मिश्रा चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) हैं, जबकि माता अरुणा मिश्रा गृहिणी हैं. यश ने बताया कि तैयारी के दौरान जब कभी मॉक टेस्ट में अपेक्षा से कम अंक आते थे, तब भी माता-पिता ने कभी दबाव नहीं बनाया. उन्होंने हमेशा उनका मनोबल बढ़ाया और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया.

परिवार में खुशी का माहौल

यश की सफलता से पूरे परिवार में खुशी का माहौल है. उनके चाचा आनंद मिश्रा, चाची मोना पांडे और बड़े भाई ने उनकी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की. परिवार अब मेडिकल काउंसलिंग और कॉलेज आवंटन का इंतजार कर रहा है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat khabar news desk

Published by: Sweta Vaidya

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >