प्रतिनिधि, पाकुड़: शहर में जाम की समस्या से लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है. प्रशासन की ओर से ठोस पहल नहीं होने के कारण आम लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है. जाम में घंटों फंसे रहने से वाहन चालकों को समय के साथ ईंधन का भी नुकसान उठाना पड़ रहा है.
गुरुवार को पाकुड़-धुलियान रोड स्थित रेलवे फाटक के दोनों ओर घंटों जाम लगा रहा. देखते ही देखते सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गयी और आवागमन प्रभावित हो गया.
सुबह 9 से 10 बजे तक रोज बन रही जाम की स्थिति
स्थानीय लोगों के अनुसार रेलवे फाटक के आसपास प्रतिदिन सुबह करीब 9 से 10 बजे तक जाम की स्थिति बनी रहती है. फाटक बंद होने के बाद दोनों ओर वाहनों की कतार और लंबी हो जाती है.
रेलवे फाटक खुलने के बाद भी वाहनों का दबाव और अव्यवस्थित परिचालन होने के कारण जाम सामान्य होने में काफी समय लग जाता है.
टोटो-ऑटो और अतिक्रमण से बढ़ रही परेशानी
वाहन चालकों का कहना है कि शहर में ई-रिक्शा (टोटो) और ऑटो का अव्यवस्थित परिचालन जाम की बड़ी वजह बन रहा है. सड़क किनारे अतिक्रमण ने भी समस्या को और गंभीर कर दिया है.
स्थानीय लोगों ने टोटो परिचालन को लेकर नियमों के पालन पर भी सवाल उठाये हैं. उनका आरोप है कि 18 वर्ष से कम उम्र के नाबालिग भी टोटो चलाते नजर आते हैं. इसके अलावा टोटो के निबंधन और चालकों के निर्धारित ड्रेस कोड के पालन को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं.
मरीज और एंबुलेंस के लिए सबसे बड़ा खतरा
जाम का असर आम यात्रियों के साथ-साथ मरीजों, एंबुलेंस, बुजुर्गों, प्रसूता महिलाओं, कार्यालय जाने वाले कर्मचारियों और न्यायालय जाने वाले अधिवक्ताओं पर भी पड़ रहा है.
लोगों का कहना है कि यदि गंभीर मरीज या प्रसूता लंबे समय तक जाम में फंस जाते हैं तो स्थिति गंभीर हो सकती है. इसलिए शहर की यातायात व्यवस्था को जल्द दुरुस्त करने की जरूरत है.
लोगों ने प्रशासन से मांगा ठोस समाधान
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने, सड़क किनारे से अतिक्रमण हटाने और टोटो-ऑटो के परिचालन को व्यवस्थित करने की मांग की है.
लोगों ने नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई करने और रेलवे फाटक के आसपास जाम की समस्या का स्थायी समाधान निकालने की अपील की है.
जिला यातायात पदाधिकारी सह मुख्यालय डीएसपी उज्ज्वल कुमार ने कहा कि जाम की समस्या की जानकारी है. इसके समाधान को लेकर अन्य संबंधित पदाधिकारियों के साथ बैठक कर जल्द पहल की जाएगी.
