पाकुड़. स्वतंत्रता दिवस पर टाउन हॉल, पाकुड़ में आयोजित जिला स्तरीय सांस्कृतिक संध्या में पाकुड़ पॉलिटेक्निक के विद्यार्थियों ने प्रथम स्थान प्राप्त किया. विद्यार्थियों ने देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता पर आधारित नाट्य प्रस्तुति देकर दर्शकों की खूब सराहना बटोरी.
भाव-भंगिमा और नृत्य से दिया देशभक्ति का संदेश
विद्यार्थियों ने बिना संवाद के अभिनय, भाव-भंगिमा और नृत्य के माध्यम से देशभक्ति, भाईचारे और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया. प्रस्तुति में ‘ओ देश मेरे’ गीत पर किया गया नृत्य कहानी का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा, जिसने कार्यक्रम को भावनात्मक और प्रभावशाली बनाया.
विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर पाकुड़ पॉलिटेक्निक को प्रतियोगिता में प्रथम स्थान मिला.
प्रस्तुति में पीयूष सिंह, नंदनी कुमारी, आरिफ शेख, मो. इमरान, अभिनाश प्रजापति, अभिजीत पाल, प्रेम शंकर सूर्य, निशा कुमारी, चेतन राय, अनुप राय, प्रकाश प्रजापति, परवेज आलम, पीयूष कुमार, मनीष प्रजापति, कृष्ण आनंद, सोफिया खातून, पायल सोरेन, क्रिस्टो किस्कू और अमित सोरेन शामिल रहे.
प्राचार्य व शिक्षकों ने दी बधाई
संस्थान के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं कर्मचारियों ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनकी मेहनत, अनुशासन और टीमवर्क की सराहना की. उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा के साथ सांस्कृतिक गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं.
