पाकुड़. शहर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने के मामले में जिला प्रशासन ने चार बसों के खिलाफ कार्रवाई की है. इन बसों पर करीब 55 हजार रुपये का ई-चालान किया गया. कार्रवाई डीसी आवास चौक पर अनावश्यक रूप से बस खड़ी कर सवारी चढ़ाने और उतारने के मामले में की गयी.
जिला प्रशासन के अनुसार, बसों से सवारी चढ़ाने और उतारने के लिए शहर में निर्धारित बस स्टैंड की व्यवस्था की गयी है. इसके बावजूद कुछ बस चालक एवं संचालक डीसी आवास चौक पर बस खड़ी कर यात्रियों को चढ़ाने-उतारने का काम करते हैं. इससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होने के साथ सड़क पर जाम की स्थिति उत्पन्न होती है तथा दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है.
निर्धारित स्थान पर ही सवारी चढ़ाने-उतारने का निर्देश
प्रशासन ने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों के तहत सवारी ढोने वाले वाहनों को सड़क की स्थिति एवं उपलब्ध स्थान के अनुरूप ही यात्रियों को चढ़ाने और उतारने का कार्य करना चाहिये. निर्धारित स्थान के अलावा सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा करने पर संबंधित वाहन के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी.
जिला प्रशासन ने बस चालकों एवं संचालकों से यातायात नियमों का पालन करने तथा निर्धारित बस स्टैंड से ही सवारी चढ़ाने-उतारने की अपील की है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाये रखने के लिए नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी.
