चुनाव : अध्यक्ष पद पर 10 महिला उम्मीदवारों में होगी सीधी टक्कर

नाम वापसी के दिन कुल तीन वार्ड प्रत्याशियों ने चुनावी मैदान छोड़ने का निर्णय लिया, जबकि अध्यक्ष पद के लिए किसी भी प्रत्याशी ने अपना नाम वापस नहीं लिया है.

नाम वापसी के बाद साफ हुई तस्वीर, 21 वार्डों में 89 प्रत्याशी मैदान में संवाददाता, पाकुड़ नगर निकाय चुनाव की प्रक्रिया में नाम वापसी की समय सीमा समाप्त होते ही चुनावी दंगल की तस्वीर पूरी तरह साफ हो गयी है. निर्वाचन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार नाम वापसी के दिन कुल तीन वार्ड प्रत्याशियों ने चुनावी मैदान छोड़ने का निर्णय लिया, जबकि अध्यक्ष पद के लिए किसी भी प्रत्याशी ने अपना नाम वापस नहीं लिया है. इस प्रकार नाम वापसी की प्रक्रिया केवल वार्ड स्तर पर ही सीमित रही. जानकारी के अनुसार वार्ड संख्या 14 अत्यंत पिछड़ा वर्ग, वार्ड 16 अनारक्षित और वार्ड 18 अत्यंत पिछड़ा वर्ग महिला से एक-एक प्रत्याशी ने नामांकन वापस लिया है. इन तीन नाम वापसी के बाद अब नगर परिषद के 21 वार्डों के लिए कुल 89 प्रत्याशी चुनावी मैदान में बचे हैं. इनमें 36 महिला प्रत्याशी शामिल हैं, जिससे वार्ड स्तर पर महिला भागीदारी मजबूत दिखाई दे रही है. वहीं अध्यक्ष पद अनारक्षित महिला के लिए मुकाबला रोचक होने वाला है. स्क्रूटनी के बाद अध्यक्ष पद के लिए 10 महिला प्रत्याशी योग्य पायी गयीं थीं. नाम वापसी की अंतिम तिथि तक इनमें से किसी भी प्रत्याशी ने नाम वापस नहीं लिया. अब अध्यक्ष पद की कुर्सी के लिए इन 10 महिला उम्मीदवारों के बीच ही अंतिम मुकाबला होगा. चुनावी गणित पर नजर डालें तो वार्ड संख्या 10 सबसे कड़ा मुकाबला वाला वार्ड बनकर उभरा है, जहां सर्वाधिक आठ प्रत्याशी मैदान में हैं. वहीं वार्ड संख्या 7, 18 और 20 में केवल 2-2 प्रत्याशी आमने-सामने हैं, जिससे यहां सीधी टक्कर देखने को मिलेगी. नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब प्रशासन चुनाव चिह्न आवंटन, मतदान दलों के गठन और मतदान की तैयारियों में जुट गया है. चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां तेज कर दी गयी हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >