प्रतिनिधि, हिरणपुर. कल्याण गुरुकुल हिरणपुर, पाकुड़ के बैच नंबर-68 के सीएनसी मशीनिंग ऑपरेटर ट्रेड के 12 प्रशिक्षित अभ्यर्थियों का चयन चेन्नई की प्रतिष्ठित कंपनी एक्सल्स इंडिया लिमिटेड में हुआ है. शनिवार को चयनित सभी अभ्यर्थियों को कंपनी की ओर से ऑफर लेटर प्रदान किया गया. ऑफर लेटर मिलने के बाद सभी युवा नौकरी के लिए गुरुकुल के प्राचार्य प्रवीन सिन्हा के साथ चेन्नई रवाना हुए.
प्रशिक्षण के बाद मिली प्रतिष्ठित कंपनी में नौकरी
चयनित अभ्यर्थियों के रोजगार मिलने से गुरुकुल परिसर में खुशी का माहौल रहा. प्राचार्य प्रवीन सिन्हा ने सभी चयनित युवाओं को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद युवाओं को प्रतिष्ठित कंपनी में रोजगार मिलना उनके परिश्रम, लगन और प्रशिक्षण का परिणाम है.
उन्होंने युवाओं को कंपनी में पूरी मेहनत, अनुशासन और ईमानदारी के साथ काम करने की सलाह दी. साथ ही सभी अभ्यर्थियों की सुखद और सुरक्षित यात्रा की कामना करते हुए बेहतर भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं.
ऑफर लेटर मिलते ही चेन्नई के लिए रवाना
कंपनी से ऑफर लेटर मिलने के बाद चयनित सभी अभ्यर्थियों के चेहरे पर खुशी साफ नजर आयी. युवाओं ने रोजगार का अवसर मिलने पर कल्याण गुरुकुल के प्रबंधन और प्रशिक्षकों के प्रति आभार जताया. अभ्यर्थियों ने कहा कि गुरुकुल में मिले प्रशिक्षण से उन्हें रोजगार हासिल करने का अवसर मिला है.
प्रबंधन व प्रशिक्षकों ने दी शुभकामनाएं
मौके पर गुरुकुल के प्राचार्य प्रवीन सिन्हा, ट्रेनर उज्ज्वल राय, ट्रेनर रौशन पांडेय, ट्रेनर अनुज सिंह, ट्रेनर अनीता कुमारी, वार्डन पुतुल सोरेन तथा कुक ललिता कुमारी और रेनू हांसदा मौजूद रहीं. सभी ने चयनित युवाओं को उनके नए रोजगार के लिए शुभकामनाएं दीं.
