इलामी-बागानपाड़ा सड़क निर्माण पर उठे सवाल, बाबूलाल मरांडी ने डीसी से जांच की मांग की

पूर्व CM बाबूलाल मरांडी ने पाकुड़ डीसी को इलामी-बागानपाड़ा सड़क निर्माण की जांच के लिए लिखा पत्र. ग्रामीणों की शिकायत पर कार्रवाई की मांग.

पाकुड़ : झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने इलामी-बागानपाड़ा पीसीसी सड़क एवं गार्डवाल निर्माण की जांच को लेकर पाकुड़ उपायुक्त को पत्र लिखा है. उन्होंने ग्रामीणों की शिकायत के बावजूद उक्त योजना को जांच सूची से बाहर रखने के मामले की जांच कराने और योजना को तत्काल जांच के दायरे में शामिल करने की मांग की है.

घटिया निर्माण की ग्रामीणों ने की थी शिकायत

मरांडी ने पत्र में कहा है कि इलामी पंचायत में डीएमएफटी मद से निर्मित सड़क एवं सत्तार मौलवी के घर के पास बने गार्डवाल में कथित अनियमितता और घटिया निर्माण की शिकायत ग्रामीणों ने की थी. इस संबंध में उन्होंने 16 अगस्त को मुख्यमंत्री को भी पत्र भेजकर जांच की मांग की थी.

जांच दल बना, लेकिन योजना सूची से बाहर

मरांडी ने कहा कि शिकायत के बाद 18 अगस्त को विभिन्न योजनाओं की स्थल जांच के लिए जांच दल का गठन किया गया, लेकिन जांच के लिए तैयार सूची में इलामी-बागानपाड़ा सड़क एवं गार्डवाल योजना को शामिल नहीं किया गया. उन्होंने इसे गंभीर और संदेह उत्पन्न करने वाला मामला बताया.

सड़क और गार्डवाल की तकनीकी जांच की मांग

उन्होंने सड़क एवं गार्डवाल की लंबाई, चौड़ाई और मोटाई, निर्माण सामग्री की गुणवत्ता, स्वीकृत प्राक्कलन, मापी-पुस्तिका, बिल-वाउचर, भुगतान एवं संबंधित अधिकारियों के सत्यापन की तकनीकी जांच की मांग की है.

जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग

मरांडी ने यह भी कहा कि योजना को जांच सूची से बाहर रखने के पीछे किस पदाधिकारी या कर्मी की भूमिका रही, इसकी अलग से जांच होनी चाहिए. यदि जानबूझकर जांच प्रभावित करने या दोषियों को संरक्षण देने की पुष्टि होती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के साथ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सानू दत्ता

सानू दत्ता: पिछले 14 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हूं। वर्तमान में प्रभात खबर, पाकुड़ में कार्यरत हूं। ग्रामीण विकास, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, पंचायत और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों की रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखता हूं। डिजिटल पत्रकारिता और मल्टीमीडिया कंटेंट निर्माण के क्षेत्र में भी सक्रिय रूप से कार्य कर रहा हूं।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >