लिट्टीपाड़ा : सिमलोंग ओपी क्षेत्र के जोरडीहा गांव के समीप पुलिस ने अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई की है. बिना नंबर का बालू लदा ट्रैक्टर जब्त किया है. पुलिस की कार्रवाई के बाद अंचल अधिकारी पवन कुमार ने एनजीटी की प्रासंगिक धाराओं के तहत सिमलोंग ओपी में मामला दर्ज कराया है. पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना पर जोरडीहा के समीप बालू लदे ट्रैक्टर को जांच के लिए रोका गया. पुलिस को देखते ही चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया.
दस्तावेज और चालान नहीं दिखा सका कोई, ट्रैक्टर जब्त कर ओपी लाया गया
पुलिस ने काफी देर तक वाहन मालिक का इंतजार किया, लेकिन कोई भी व्यक्ति वाहन के दस्तावेज अथवा बालू से संबंधित चालान प्रस्तुत करने नहीं पहुंचा. इसके बाद पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर सिमलोंग ओपी परिसर में लाया. मामले की सूचना ओपी प्रभारी बलवंत दुबे ने तत्काल वरीय अधिकारियों और लिट्टीपाड़ा अंचल अधिकारी को दी. सीओ ने बताया कि अवैध खनन और बिना कागजात खनिजों के परिवहन के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी.
