संवाददाता, पाकुड़, अमड़ापाड़ा प्रखंड के वैष्णवी दुर्गा मंदिर परिसर में आयोजित दुर्गापूजा समारोह में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है. सार्वजनिक दुर्गापूजा समिति की ओर से दुर्गा मंदिर प्रांगण में महलनुमा भव्य पूजा पंडाल बनाया गया है. बताते चलें कि पिछले एक महीने से करीब 25 कारीगर दुर्गा मंदिर परिसर में लगे थे. शिव-पार्वती मंदिर के प्रांगण में दुर्गापूजा को लेकर विशाल पंडाल का निर्माण किया गया है. पश्चिम बंगाल के मूर्तिकार राजकुमार सेन ने 15 फीट ऊंची माँ दुर्गा की प्रतिमा तैयार किया है. सार्वजनिक दुर्गापूजा समिति के अध्यक्ष बबलू भगत ने बताया कि बांसलोई नदी के किनारे स्थित मां दुर्गा एवं शिव-पार्वती मंदिर का निर्माण अंग्रेजों ने सन 1924 में कराया था, तभी मंदिर का आकार बहुत छोटा था. बदलते समय के साथ मंदिर का निर्माण कराया जाने लगा. हालांकि अभी मंदिर का निर्माण अधूरा है. वैष्णवी दुर्गा मंदिर का निर्माण गुजरात-राजस्थान सीमा पर स्थित अम्बाजी मंदिर की तर्ज पर किया जायेगा. सन 1924 से लगातार हर साल यहां प्रतिमा स्थापित कर मां दुर्गा की पूजा होती आ रही है. इस वर्ष दुर्गापूजा का 101वां वर्ष मनाया जा रहा है. पूजा पंडाल व विद्युत सज्जा पर होंगे 15-20 लाख रुपये खर्च पूजा समिति के अध्यक्ष बबलू भगत ने बताया कि इस साल पूजा पंडाल, मंदिर के आसपास, मुख्य सड़क के दोनों ओर सहित मुख्य बाजार के कई स्थानों पर विद्युत सज्जा कर विशाल लाइट गेट बनाया गया है. संपूर्ण बाजार क्षेत्र में ध्वनि विस्तारक यंत्र लगाया गया है, ताकि भक्तों को सभी कार्यक्रमों की जानकारी मिल सके. बताया कि केवल पंडाल और विद्युत सज्जा पर लगभग 15-20 लाख रुपए खर्च किए जायेंगे. वहीं, पूरे आयोजन पर लगभग 35 लाख रुपए खर्च होंगे. 4950 वर्गफुट में बना है भवननुमा पंडाल भगत डेकोरेटर्स अमड़ापाड़ा के प्रोपराइटर उत्तम भगत ने बताया कि लगभग 4950 वर्गफुट में पूजा पंडाल का निर्माण किया गया है. साथ ही शिव-पार्वती मंदिर प्रांगण में 7000 वर्गफुट में भक्तों के बैठने के लिए भी पंडाल का निर्माण कराया गया है. बताया कि पिछले एक महीने से प्रतिदिन 25 मजदूर पंडाल निर्माण में लगे हुए थे. पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष विशाल पंडाल का निर्माण किया गया है. पंडाल सहित मंदिर के गर्भगृह में लगाये गये हैं सीसीटीवी पूजा के दौरान किसी भी गतिविधि पर नजर रखने व सुरक्षा के लिहाज से पूरे पंडाल सहित मंदिर के गर्भगृह व आसपास में 16 सीसीटीवी कैमरे लगाये गये हैं. पंडाल में किसी विकट परिस्थिति से निबटने के लिए अग्निशामक यंत्र लगाये गये हैं.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
