ट्रांसपोर्टरों का आरोप, जर्जर सड़कें, सुरक्षा व्यवस्था की है कमी प्रतिनिधि, अमड़ापाड़ा. कोयला परिवहन से जुड़े डंपर मालिकों की अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रही. हड़ताल के कारण कोयला ढुलाई में लगे सभी डंपर और ट्रेलर वाहन पूरी तरह खड़े हैं. इससे क्षेत्र में ढुलाई का काम ठप हो गया है. अमड़ापाड़ा में बीते 17 अप्रैल को हुई बैठक के बाद ट्रांसपोर्टरों ने अपनी मांगों को लेकर सख्त रुख अपनाया है. डंपर मालिकों का कहना है कि लगातार बढ़ रहे आर्थिक नुकसान और अव्यवस्था के कारण उन्हें हड़ताल का सहारा लेना पड़ा. ट्रांसपोर्टर सुमन कुमार, अमित कुमार, संतोष रजक, मनोज भगत सहित अन्य ने बताया कि कोयला ढुलाई में वाहन मालिकों को प्रति टन भाड़ा में नुकसान झेलना पड़ रहा है. इसके अलावा प्रत्येक डंपर से औसतन 10 टन तक कोयला चोरी हो जा रही है जिससे घाटा और बढ़ रहा है. ट्रांसपोर्टरों ने यह भी आरोप लगाया कि एक्सिडेंटल राशि भुगतान में भी अनियमितता बरती जा रही है. जर्जर सड़कें, मार्ग में जाम और सुरक्षा व्यवस्था की कमी जैसी समस्याएं पहले से ही बनी हुई हैं, जिससे परिचालन और अधिक प्रभावित हो रहा है. ट्रांसपोर्टरों ने आगे बताया कि मंगलवार को पाकुड़ में दोनों कोल कंपनियों बीजीआर व डीबीएल के अधिकारियों और ट्रांसपोर्टरों के बीच बैठक प्रस्तावित है. इस बैठक के बाद ही आगे की रणनीति पर निर्णय लिया जायेगा. फिलहाल मांगों पर समाधान नहीं होने तक हड़ताल जारी रखने की बात कही. डंपर मालिकों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी समस्याओं का ठोस समाधान नहीं होता तब तक कोयला ढुलाई शुरू नहीं किया जायेगा. इससे कोयला उत्पादन और आपूर्ति पर भी असर पड़ने की संभावना बढ़ गयी है.
अमड़ापाड़ा में डंपर मालिकों की हड़ताल जारी, कोयला ढुलाई ठपमांगों पर अड़े ट्रांसपोर्टर, ठप है कोयला ढुलाई
अमड़ापाड़ा. कोयला परिवहन से जुड़े डंपर मालिकों की अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी है.
