लिट्टीपाड़ा. सिमलांग ओपी क्षेत्र के धनधरा गांव में अज्ञात चोरों ने घर के बाहर खड़े दो हाइवा और एक ट्रैक्टर को निशाना बनाते हुए तीन बैट्री और वाहनों की टंकियों से करीब 450 लीटर डीजल चोरी कर लिया. यहां तक की चोर घर के बरामदे में बंधे दो खस्सी भी खोलकर ले गये. घटना को लेकर रामका बेसरा ने सिमलांग ओपी में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है.
परिवार सोता रहा, चोरों ने वाहनों से निकाल लिया डीजल
प्राथमिकी के अनुसार, घटना के समय परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर सो रहे थे. इसी दौरान अज्ञात चोरों ने घर के बरामदे में बंधे दो खस्सी खोल लिये. इसके बाद घर के सामने खड़े दो हाइवा और एक ट्रैक्टर की बैट्री निकाल ली.
चोरों ने हाइवा और ट्रैक्टर की टंकियों से करीब 450 लीटर डीजल भी निकाल लिया और मौके से फरार हो गये.
करीब 70 हजार रुपये की आर्थिक क्षति
वाहन मालिक के अनुसार, चोरी की घटना में करीब 70 हजार रुपये की आर्थिक क्षति हुई है. उन्होंने आशंका जतायी है कि चोर पूर्व नियोजित तरीके से चारपहिया वाहन से पहुंचे थे और वारदात को अंजाम दिया.
वाहन मालिक ने बताया कि चोरी की रात ही दोनों हाइवा काम से लौटे थे. इसके बाद वाहनों को घर के सामने खड़ा किया गया था.
इधर, सिमलांग ओपी प्रभारी बलवंत दुबे ने बताया कि वाहन मालिक की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है. चोरों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस आसपास के क्षेत्रों में भी जानकारी जुटा रही है.
