अंगूठे का निशान लेने के बावजूद नहीं दिया जा रहा है अनाज

कालिदासपुर के ग्रामीणों ने डीलर पर लगाया सात माह से अनाज नहीं देने का आरोप. डीसी से शिकायत के लिए पहुंचे समाहरणालय.

पाकुड़. सदर प्रखंड के कालिदासपुर पंचायत के ग्रामीण मंगलवार को सात माह से अनाज नहीं मिलने की शिकायत करने समाहरणालय पहुंचे. ग्रामीणों का नेतृत्व भाजपा नेता अनुग्राहित प्रसाद कर रहे थे. ग्रामीणों ने जनवितरण प्रणाली दुकानदार सुनील टुडू पर अनाज गबन का आरोप लगाया. ग्रामीणों ने बताया कि डीलर विगत छह-सात माह से अनाज नहीं दे रहा है. इस कारण उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. बताया कि जब डीलर से अनाज की मांग की जाती है तो बार-बार कोई ना कोई बहाना बना दिया जाता है. ग्रामीणों का आरोप है कि डीलर द्वारा ई-पॉस मशीन पर अंगूठे का भी निशान ले लिया जाता है, बावजूद उन्हें अनाज उपलब्ध नहीं कराया जाता है. इस कारण मजबूरन पंचायत के विभिन्न गांवों के लोग डीलर की शिकायत को लेकर डीसी से मिलने पहुंचे हैं. इधर, भाजपा नेता अनुग्राहित प्रसाद ने बताया कि ग्रामीणों ने डीलर की शिकायत उनसे की थी. मामले को लेकर गांव पहुंचकर जांच भी की गयी. जांच में मामला सही पाया गया. इसके बाद डीलर की शिकायत लेकर ग्रामीणों के साथ उपायुक्त से मिलने पहुंचे. हालांकि उपायुक्त से ग्रामीणों की मुलाकात नहीं हो पायी. इधर, समाहरणालय में ग्रामीणों की शिकायतों को सुनने के लिए डीएसओ अभिषेक कुमार पहुंचे. ग्रामीणों ने डीएसओ को ही अपनी समस्याओं व शिकायतों से अवगत कराया. डीएसओ ने ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सितंबर माह का अनाज उपलब्ध कराया है. इधर, मामले को लेकर डीएसओ श्री कुमार ने बताया कि डीलर सुनील टुडु के विरुद्ध ग्रामीणों ने शिकायत की है. ग्रामीणों की शिकायत है कि डीलर द्वारा फिंगरप्रिंट ले लिया गया है, लेकिन अनाज का वितरण नहीं किया गया है. मामले को लेकर जांच की जा रही है. जांच में सही पाए जाने पर डीलर के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी. जरूरत पड़ी तो प्राथमिकी भी दर्ज की जाएगी. बहरहाल सितंबर माह का अनाज ग्रामीणों को तत्काल दिया जा रहा है. शेष अनाज का वितरण भी जल्द करा दिया जाएगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: RAGHAV MISHRA

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >