नगर प्रतिनिधि, पाकुड़: समाहरणालय में मंगलवार को आयोजित जन समाधान दिवस में जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं उपायुक्त मेघा भारद्वाज के समक्ष रखीं. उपायुक्त ने एक-एक कर लोगों की शिकायतें सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवेदनों की जांच कर नियमानुसार त्वरित एवं समयबद्ध कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
जमीन के अधिकार से लेकर शौचालय की राशि तक की फरियाद
जन समाधान दिवस में लोगों ने व्यक्तिगत समस्याओं के साथ जनहित से जुड़े मामलों को लेकर भी आवेदन सौंपे. इनमें दादाजी की संपत्ति के बंटवारे के बाद अपने हिस्से की जमीन पर अधिकार दिलाने, भूमि विवाद, शौचालय निर्माण की राशि का भुगतान लंबित रहने और आवास से संबंधित मामले प्रमुख रहे.
उपायुक्त ने सभी मामलों की निष्पक्ष और तथ्यपरक जांच कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
‘लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं’
उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि आम लोगों की समस्याओं का प्रभावी समाधान जिला प्रशासन की प्राथमिकता है. उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि शिकायतों के निष्पादन में किसी तरह की लापरवाही या अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए.
उन्होंने कहा कि प्रत्येक आवेदन की जांच तथ्यों के आधार पर की जाए और नियमानुसार उचित कार्रवाई सुनिश्चित हो.
लोगों को कार्यालयों के चक्कर से मिले राहत
उपायुक्त ने कहा कि जन समाधान दिवस के माध्यम से नागरिक सीधे जिला प्रशासन के समक्ष अपनी समस्याएं रख सकते हैं. अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि आवेदनों के निष्पादन में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखें.
उन्होंने कहा कि शिकायतों के समाधान के लिए लोगों को अनावश्यक रूप से अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें, इसका विशेष ध्यान रखा जाए. साथ ही पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया.
