रवींद्र भवन टाउन हॉल में नियुक्ति पत्र वितरण समारोह का आयोजन संवाददाता, पाकुड़. जिला समाज कल्याण विभाग की ओर से मंगलवार को रवींद्र भवन टाउन हॉल में सेविका-सहायिका नियुक्ति पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया. जिले के विभिन्न प्रखंडों से चयनित 83 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपा गया. समारोह का शुभारंभ उपायुक्त मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी, स्थापना उप समाहर्ता त्रिभुवन कुमार सिंह, बीडीओ दिलीप टुडु, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी बसंती ग्लाडिस बाड़ा, सांसद प्रतिनिधि श्याम यादव, विधायक प्रतिनिधि गुलाम अहमद, झामुमो नेत्री उपासना मरांडी ने संयुक्त रूप से किया. इसके बाद चयनित अभ्यर्थियों को मंच पर आमंत्रित कर क्रमवार नियुक्ति-पत्र प्रदान किया गया. कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी सेवाओं की भूमिका, प्रशिक्षण की प्रक्रिया और भविष्य के कार्यप्रणाली की जानकारी दी गयी. बताया गया कि सभी चयनित सेविका-सहायिका को पहले प्रखंड स्तर पर प्रशिक्षण दिया जायेगा. इसके बाद उन्हें संबंधित आंगनबाड़ी केंद्रों का कार्यभार सौंपा जायेगा. उपायुक्त ने कहा कि यह नियुक्ति केवल प्रमाण-पत्र नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी है. उन्होंने नवनियुक्त सदस्यों से योजनाओं का लाभ समय पर जरूरतमंदों तक पहुंचाने, तकनीक आधारित कार्य प्रणाली अपनाने और पूरी निष्ठा व जवाबदेही के साथ कार्य करने का आह्वान किया. एसपी ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल बच्चों की देखभाल तक सीमित नहीं, बल्कि गांव की सामाजिक व्यवस्था का केंद्र हैं. उन्होंने सभी से जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्व निभाने का आह्वान किया.
पाकुड़ में 83 सेविका-सहायिका को दिया गया नियुक्ति-पत्र
पाकुड़. रवींद्र भवन टाउन हॉल में सेविका-सहायिका नियुक्ति पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया.
