संवाददाता, पाकुड़: पूर्व एनडीए प्रत्याशी सह समाजसेवी अजहर इस्लाम के जनसंपर्क कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की बात सामने आयी है. ईलामी, नवादा, सिसपोखर, तारानगर समेत आसपास के क्षेत्रों से महिलाएं, बुजुर्ग, युवा और कार्यकर्ता उनके राइस मिल परिसर पहुंचे.
बताया गया कि कार्यक्रम की सूचना रात करीब 10 बजे सोशल मीडिया और व्हाट्सएप के माध्यम से दी गयी थी. इसके बाद अगले दिन राइस मिल परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया गया.
जनसभा की अनुमति नहीं मिली तो बदला कार्यक्रम स्थल
दरअसल, ईलामी पंचायत के चंदाली मोड़ पर शाम छह बजे से जनसभा प्रस्तावित थी. लेकिन प्रशासन से अनुमति नहीं मिलने के बाद प्रस्तावित स्थल पर कार्यक्रम नहीं हो सका.
इसके बाद अजहर इस्लाम ने रात में लोगों को वॉइस संदेश भेजकर राइस मिल परिसर में कार्यक्रम आयोजित किए जाने की जानकारी दी. इसके बाद वहां लोगों के पहुंचने की बात कही गयी.
कम समय की सूचना पर पहुंचे लोगों का जताया आभार
कार्यक्रम में पहुंचे लोगों का आभार जताते हुए अजहर इस्लाम ने कहा कि कम समय की सूचना के बावजूद लोगों का पहुंचना उनके लिए सम्मान के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है.
उन्होंने गरीब, असहाय और अपने हक के लिए संघर्ष कर रहे लोगों की आवाज उठाने तथा जरूरतमंद परिवारों की मदद का प्रयास जारी रखने की बात कही.
गांवों में जनसंपर्क अभियान जारी रखने की बात
अजहर इस्लाम ने कहा कि क्षेत्र के लोगों से संवाद और जनसंपर्क अभियान आगे भी जारी रहेगा. उन्होंने क्षेत्र से जुड़े मुद्दों और लोगों की समस्याओं को लेकर संवाद बनाए रखने की बात कही.
गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से वह क्षेत्र के विभिन्न गांवों में जनसभाओं और जनसंपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों से संवाद कर रहे हैं. इससे पहले सितंबर में इसाकपुर में आयोजित सभा में भी लोगों की भागीदारी की बात सामने आयी थी.
