पाकुड़ . पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के कुमारपुर गांव में शुक्रवार को ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) की ओर से जनसंपर्क अभियान चलाया गया . पार्टी के संथाल परगना प्रभारी अकिल अख्तर के निर्देश पर आयोजित अभियान का नेतृत्व पाकुड़ पूर्वी प्रखंड अध्यक्ष रफीक अहमद ने किया . इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों से मुलाकात कर क्षेत्र की समस्याओं और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की .
ग्रामीणों से जानी क्षेत्र की समस्याएं
जनसंपर्क अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों से क्षेत्र की समस्याओं को लेकर सीधा संवाद किया . सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और पेयजल समेत बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई . वहीं, पंचायत और गांव स्तर पर संगठन को मजबूत करने तथा अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया .
जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही पर उठे सवाल
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रफीक अहमद, मो. महाफिजुर रहमान, अहमदुल्लाह फाकरी और मौलवी प्रिंस साहेब ने क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं को लेकर अपनी बात रखी . वक्ताओं ने कहा कि सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और पेयजल जैसी मूलभूत समस्याओं का समाधान होना जरूरी है . उन्होंने कहा कि जनता को अपने क्षेत्र के विकास और समस्याओं के समाधान के लिए जनप्रतिनिधियों से सवाल पूछने का अधिकार है .
चुनाव के समय ही नहीं, लगातार गांवों में पहुंचेगी पार्टी
पार्टी कार्यकर्ताओं ने कहा कि एआईएमआईएम का जनसंपर्क अभियान केवल चुनाव तक सीमित नहीं रहेगा . कार्यकर्ता लगातार गांव-गांव जाकर लोगों से संवाद करेंगे और उनकी समस्याओं को समझने का प्रयास करेंगे . साथ ही ग्रामीणों को पार्टी की नीतियों और विचारधारा से भी अवगत कराया जाएगा .
विभिन्न गांवों में अभियान तेज करने की तैयारी
कार्यकर्ताओं ने आने वाले दिनों में पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में जनसंपर्क अभियान को और तेज करने की बात कही . उनका कहना है कि लगातार ग्रामीणों के बीच पहुंचकर संगठन को पंचायत और बूथ स्तर तक मजबूत किया जायेगा .
मौके पर जिला कार्यालय सचिव मोसाराफ हुसैन, वरिष्ठ कार्यकर्ता सादेक अली, नईम अख्तर, इंतखाब आलम, बल्ला शेख, इसमाइल शेख, सेलीम शेख, मासतारुल शेख समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे .
