आंबेडकर जयंती पर मंत्री इरफान व कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने किया माल्यार्पण प्रतिनिधि, पाकुड़ जिलेभर में मंगलवार को संविधान निर्माता बाबा भीमराव अंबेडकर की जयंती धूमधाम से मनायी गयी. इस अवसर पर झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी, झारखंड कांग्रेस के नेता राजेश ठाकुर, नगर परिषद अध्यक्ष शबरी पाल समेत कई राजनीतिक, सामाजिक संगठनों, विद्यार्थी परिषद, हिन्दू संगठन, सिविल और पुलिस विभाग के अधिकारी, कर्मी, सरकारी व निजी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं तथा एनजीओ प्रतिनिधियों ने अंबेडकर चौक स्थित प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की. स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने कहा कि बाबा साहेब के संविधान के कारण गरीब, दलित, शोषित और पिछड़ा वर्ग आगे बढ़कर राज्य व देश चलाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं. कांग्रेस नेता राजेश ठाकुर ने कहा कि बाबा साहेब ने लोगों को जीने का मौलिक अधिकार दिया है और उस अधिकार को पाने के लिए हमें एकजुट होकर लड़ाई लड़नी होगी. उन्होंने कहा कि नाथूराम गोडसे ने गांधी जी की हत्या की और अब उनके चेले बाबा साहेब के संविधान की हत्या करने का प्रयास कर रहे हैं और इसे बचाने के लिए सभी को संकल्पित होना होगा. उन्होंने कहा कि संविधान बचाने का काम राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रहा है और हम सभी उनका साथ दे रहे हैं. नगर परिषद अध्यक्ष शबरी पाल ने कहा कि बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर ने समानता, स्वतंत्रता और न्याय पर आधारित देश का सर्वोच्च कानून तैयार किया है. उनके बताए मार्ग पर चलना समाज के लिए आवश्यक है. इस अवसर पर स्कूल और कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने भी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया. आदिवासी बालक कल्याण छात्रावास के छात्र-छात्राओं ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की. पूरे कार्यक्रम का माहौल श्रद्धा, उत्साह और एकता से भरा रहा.
संविधान की रक्षा और समानता के लिए एकजुट होने का आह्वान
झारखंड के पाकुड़ जिले में बाबा भीमराव अम्बेडकर की जयंती समारोह धूमधाम से मनाई गई। स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी, कांग्रेस नेता राजेश ठाकुर, नगर परिषद अध्यक्ष शबरी पाल सहित विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक और शैक्षणिक संस्था के सदस्य अम्बेडकर चौक स्थित प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। मंत्री इरफान ने संविधान की महत्ता पर जोर देते हुए कहा कि यह गरीबों, दलितों और पिछड़ों के उत्थान का कारण है। राजेश ठाकुर ने संविधान की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने की बात कही। नगर परिषद अध्यक्ष ने अम्बेडकर द्वारा बनाए गए समानता और न्याय पर आधारित संविधान की अहमियत बताई। कार्यक्रम में छात्रों और आदिवासी बालक कल्याण छात्रावास के विद्यार्थियों ने भी भाग लिया। माहौल श्रद्धा और एकता से ओतप्रोत था।
