पीएचडी, पीडीएस, बिजली व स्वास्थ्य विभाग के नहीं पहुंचे पदाधिकारी
प्रमुख ने पदाधिकारियों से मांगा स्पष्टीकरण
पाकुड़िया : प्रखंड कार्यालय के सभागार में प्रमुख सुशीला मरांडी की अध्यक्षता में सोमवार को पंचायत समिति सदस्यों की बैठक आयोजित की गयी. इस दौरान पीएचडी, पीडीएस, बिजली, स्वास्थ्य सहित अन्य विभागों से प्रतिनिधियों की अनुपस्थिति पर प्रमुख ने स्पष्टीकरण करने का निर्देश दिया. प्रमुख ने विद्यालयों में हो रहे यूनिफॉर्म वितरण की विवरणी बीपीओ द्वारा नहीं दिये जाने पर नाराजगी व्यक्त की और अविलंब उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. पशुपालन पदाधिकारी ने प्रखंड में चलायी जा रही योजनाओं की जानकारी दी. आइबीडीएस प्रतिनिधि ने 46 आंगनबाड़ी केंद्रों के भवन निर्माण कार्य प्रगति पर होने की जानकारी दी. सीआइ गबरियल हेंब्रम ने विभाग द्वारा संचालित पेंशन योजनाओं व अन्य योजनाओं की जानकारी दी.
वहीं जेएसपीएल द्वारा 1103 आजीविका सखी मंडल बन कर तैयार होने, 130 शौचालयों के पूर्ण होने, 30 में कार्य चलने की जानकारी दी. वहीं चाइल्ड लाइन द्वारा वासेतकुंडी, खजुरडंगाल, बनियापसार में कमेटी गठित करने की जानकारी दी. इस अवसर पर बीडीओ समीर अल्फ्रेड मुर्मू, बीपीओ ट्विंकल चौधरी, प्रभारी पंचायती राज पदाधिकारी कमल पहाड़िया, उपप्रमुख अर्चना देवी सहित अन्य मौजूद थे.
