पाकुड़ : अब कालाधन को फेंक रहे लोग
जांच में जुटी पुलिस
पाकुड़ : नोटबंदी के बाद 500व 1000 के नोट बदले जाने की समय-सीमा समाप्त होने के बाद अब बेकार हो चुके नोट को फाड़ कर फेंका जा रहा है. ऐसा एक मामला पाकुड़ में भी सामने आया है. यहां उपरोक्त नोट को कैंची से काटकर किसी ने फेंक दिया है. मिली जानकारी के अनुसार, नगर थाना क्षेत्र के कुड़ापाड़ा स्थित एक सूखे बांध में लाखों रुपये के पुराने 1000 व 500 के नोट को कैंची से काटकर बड़े पैमाने पर फेंका गया है.
इसकी जानकारी सुबह तब हुई जब लोग किसी काम से बांध की ओर गया. घटना की सूचना शहर भर में आग की तरह तेजी से फैल गयी. काफी संख्या में लोग वहां नोट को देखने पहुंचे. इधर घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी रामेश्वर प्रसाद घटना स्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली. पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है.
बांध में फेंके गये नोट कही कालाधन तो नहीं : प्रधानमंत्री नरेंद मोदी ने आठ अक्तूबर को देशभर में 1000 व 500 की नोट करने की घोषणा की थी. नोटबंदी की घोषणा के साथ 31 दिसंबर तक स्थानीय बैंकों में पुराने नोटों को जमा करने का समय दिया था. समय सीमा के बाद जब स्थानीय बैंकों में पुराने 1000 व 500 रुपये के नोट को जमा लेना बंद किये जाने के बाद यहां लाखों रुपये की नोट को काट फेंक दिया जाना कहीं कालाधन तो नहीं है? इससे लेकर क्षेत्र मे तरह-तरह की चर्चाएं हो रहीं हैं. फेंके गये नोट को देखकर लोग जो अनुमान लगा रहे हैं उनके अनुसार दो लाख से ज्यादा का नोट को काटकर फेंका गया है. बहरहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.
जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पायेगी. एसडीपीओ संतोष कुमार ने कहा कि घटना की जानकारी पुलिस को मिली है. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है. छानबीन के बाद ही आगे की कार्रवाई की जायेगी.
