निर्णय : एसपीटी एक्ट में संशोधन के विरोध में विपक्षी दलों ने की बैठक
पाकुड़ : कांग्रेस कार्यालय में गुरुवार को विपक्षी दलों के कार्यकर्ताओं की एक बैठक कांग्रेस जिला अध्यक्ष उदय लाखवानी की अध्यक्षता में हुई. जिसमें वर्तमान सरकार द्वारा सीएनटी व एसपीटी एक्ट संशोधन विधेयक पास कराये जाने के मुद्दे को लेकर चर्चा की गयी. मौके पर मौजूद कांग्रेस जिला अध्यक्ष उदय लाखवानी ने कहा कि रघुवर सरकार ने बहुमत के आधार पर बिल को पास नहीं कराया है. सत्र के दौरान बाहुबली तरीके से विधेयक को पास कराया है. कहा कि एसपीटी-सीएनटी एक्ट में संशोधन से केवल काॅरपोरेट घराने को ही लाभ मिलेगा. मौके पर मौजूद झामुमो जिला अध्यक्ष श्याम यादव ने कहा कि सरकार द्वारा उपरोक्त एक्ट में की गयी दबंगई बर्दाश्त नहीं की जायेगी. उन्होंने कहा कि कल का दिन झारखंड के लिए काला दिन था.
सभी विपक्षी दलों को एकजुट हो कर इसका विरोध करना होगा. मौके पर मौजूद जेवीएम जिला अध्यक्ष अमृत पांडे ने कहा कि सरकार स्थानीय नीति व एसपीटी-सीएनटी एक्ट के माध्यम से यहां के गरीब, स्थानीय नागरिक व आदिवासी को ठगने का काम किया है. बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी 25 नवंबर को पाकुड़ जिले में बाजार बंद रखा जायेगा. इसे लेकर गुरुवार को भी घूम-घूम कर सभी कार्यकर्ता दुकानदारों, चैंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों से अपील की. मौके पर राजद जिला अध्यक्ष गुपीन हेंब्रम, जदयू जिला अध्यक्ष गौतम पांडे, कांग्रेस के जिला प्रवक्ता मुख्तार हुसैन, प्रखंड अध्यक्ष अफजल हुसैन, झामुमो जिला सचिव समद अली, सीपीआइएम के मानिक दुबे, कृष्णकांत मंडल के अलावे अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे.
