महेशपुर थाना परिसर में जनता दरबार का हुआ आयोजन, एसपी ने कहा
महेशपुर : आम जनता के सहयोग से ही पुलिस बेहतर कार्य कर सकती है. जब तक आम जनता का पूरा सहयोग पुलिस को नहीं मिलेगा पूर्णत: अपराध पर अंकुश लगाना संभव नहीं होगा. उपरोक्त बातें एसपी अजय लिंडा ने महेशपुर थाना परिसर में मंगलवार को आयोजित जनता दरबार में कही. सर्वप्रथम कार्यक्रम के शुरूआत में ही जम्मू-कश्मीर में आतंकी हमले में शहीद हुए जवानों के शहादत को नमन करते हुए दो मिनट का मौन रखा गया. साथ ही शहीदों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की गयी. एसपी श्री लिंडा ने कहा कि किसी भी समस्या को बेझिझक पुलिस के समक्ष रखें. पुलिस पूरी तरह से मदद करेगी.
उन्होंने यह भी कहा कि सर्वप्रथम छोटी-छोटी घटनाओं को मुखिया के स्तर से निपटाने का काम करे. जनप्रतिनिधियों की भी अपनी जिम्मेदारी है. जनप्रतिनिधि चाह ले तो समाज में कभी भी किसी तरह का द्वेश व कलह नहीं रहेगा. उन्होंने कहा कि प्रत्येक गांव में चौकीदार को भी अपनी जिम्मेदारी सौंपी गई है. चौकीदार भी ग्रामीणों की मदद से अपनी जिम्मेदारी निभाएं. कहा कि खास कर डायन-बिसाही, मानव तस्करी, महिला प्रताड़ना के मामले में पुलिस सख्ती से निपटेगी. कहा कि अंधविश्वास से लोगों को दूर होना चाहिए. डायन बिसाही का कहीं कोई मामला नहीं होता है. बीमार पड़ने पर सही समय पर बच्चों या बड़ों का इलाज करायें. वहीं मौके पर उपस्थित डीएसपी मुख्यालय नवनीत हेंब्रम, एसडीपीओ संतोष हेम्ब्रम के अलावे अन्य ने भी संबोधित किया. वहीं मौके पर विजय ठाकुर, चित्तरंजन सिंह, रामचंद्र साहा, दीनानाथ भगत के अलावे अन्य लोगों ने भी अपने विचार रखे. मौके पर काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे.
