क्राइम. पाकुड़ में अंतरराज्यीय मोटरसाइकिल चोर गिरोह का परदाफाश
टीम गठित कर पुलिस ने की छापेमारी
गिरोह का सरगना पुलिस की पकड़ से दूर
पाकुड़ : पुलिस ने अंतरराज्यीय मोटरसाइकिल चोर गिरोह का परदाफाश करने का दावा किया है. सोमवार को नगर थाना में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस के माध्यम से एसडीपीओ संतोष कुमार ने बताया कि एसपी अजय लिंडा के निर्देश पर मोटरसाइकिल चोर गिरोह तक पहुंचने के लिए एक पुलिस टीम बनायी गयी थी. गठित पुलिस टीम ने अंतरराज्यीय चोर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है. जबकि चोरी का पांच मोटरसाइकिल भी बरामद किया है.
गिरोह के मास्टरमाइंड पुलिस गिरफ्त से बाहर
एसडीपीओ संतोष कुमार ने बताया कि उपरोक्त अंतरराज्यीय मोटरसाइकिल चोर गिरोह का संचालन हिरणपुर के सबुर मोमिन व नसीरूद्दीन मोमिन संयुक्त रूप से करते हैं. उपरोक्त दोनों द्वारा गिरोह के सदस्यों को काम पर लगाया जाता है फिर चोरी किये गये मोटरसाइकिल को जगह तक पहुंचाने में इसकी अहम भूमिका होती है. एसडीपीओ श्री कुमार ने बताया कि उपरोक्त दोनों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस ताबड़-तोड़ छापेमारी कर रही है. जल्द ही गिरोह का सरगना भी पुलिस गिरफ्त में होगा. गठित टीम में पुलिस निरीक्षक सह नगर थाना प्रभारी एसएस तिवारी, पुलिस निरीक्षक अजीत कुजूर, मुफस्सिल थाना प्रभारी लव कुमार, एएसआइ अनंत कुमार शर्मा आदि शामिल थे.
