पाकुड़ : अवैध लॉटरी के कारोबार को रोक पाने में पुलिस नाकाम साबित हो रही है. अवैध लॉटरी के धंधे में संलिप्त लोगों को संबंधित थाना पुलिस द्वारा शायद ही दबोचा जाता है. एकाध मामले को छोड़ दिया जाय तो अब तक जितनी भी बार छापेमारी हुई है, उसमें अधिकांश छापेमारी जिले के वरीय पदाधिकारियों के द्वारा ही की गई है.
रविवार को भी डीएसपी मुख्यालय नवनीत हेंब्रम द्वारा औचक छापेमारी कर महेशपुर थाना क्षेत्र के अांबेडकर चौक से अवैध लॉटरी का टिकट बेचते तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है. आश्चर्य तो यह है कि अवैध लॉटरी के कारोबार पर अंकुश लगाये जाने को लेकर एसपी अजय लिंडा द्वारा सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिया गया है. बावजूद शायद ही थाना प्रभारी के स्तर से अवैध लॉटरी मामले में कार्रवाई की जाती है.
लॉटरी के इस अवैध करोबार से कई परिवार आज कंगाल हो गये हैं. वहीं आपराधिक घटनाएं भी हो रही है. इस पर यदि पुलिस प्रशासन रणनीति के तहत कार्य करे तो निश्चित रूप से इस अवैध करोबार पर अंकुश लग सकता है.
